'समाजवादी विकास‘ का सच-एक गांव ऐसा भी जहां जाने के लिए सड़क नहीं
'समाजवादी विकास‘ का सच-एक गांव ऐसा भी जहां जाने के लिए सड़क नहीं
ओबरा बांध का पानी पी रहे आदिवासी
आइपीएफ ने मुख्यमंत्री को दिया पत्र
लखनऊ, 28 मार्च 2016, उ0 प्र0 में समाजवादी विकास माडल का सच यह है कि सोनभद्र जनपद के विकास खण्ड म्योरपुर की ग्राम सभा बेलहत्थी के आदिवासी बहुल गांव रजनी टोला में आज भी सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को 8 किलोमीटर पहाड़ी, कच्चे रास्तों द्वारा बेहद कठिन स्थितियों में आवागमन करना पड़ रहा है और सड़क के अभाव में हैण्डपम्प न लगने की वजह से आदिवासी ओबरा बांध का प्रदूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
इस गांव में बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर आज आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) ने लखनऊ में मुख्यमंत्री को पत्र दिया।
आइपीएफ के प्रदेश संगठन महासचिव दिनकर कपूर ने पत्र में मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिड़ला ग्रुप के एशिया के सबसे बड़े एलुमोनियम कारखाने हिण्डालको, हाईटेक कार्बन और कैमीकल्स प्लांट जैसे बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों वाले नगर रेनूकूट से महज 8 किलोमीटर दूर इस गांव में आजादी के साठ से भी ज्यादा साल बीत जाने के बाद भी आवागमन का साधन नहीं है और इसके अभाव में इस गांव में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। गांव में न तो हैण्डपम्प लग पा रहा है, न ही स्कूल है और न ही कोई भी विकास कार्य हो पा रहा है। बीमारी की हालत में लोगों को खटिया पर लादकर पैदल इलाज के लिए रेनूकूट लाना पड़ता है। इस गांव में पेयजल का कोई साधन नहीं होने के कारण मजबूरी में लोगों को ओबरा बांध के प्रदूषित पानी को पीना पड़ता है, यह पानी भी उन्हें दो-दो किलोमीटर दूर से लाना पड़ता है। वर्ष 2011 में इस टोले में प्रदूषित पानी को पीने के कारण 15 बच्चों की मौतें हुई थी और इस मामले को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान में लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को इस गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया था।
इतना हीं नहीं इस गांव में अकाल की स्थितियां है। दो साल से पड़ रहे सूखे और अतिवृष्टि के कारण किसानों की पूरी खेती बर्बाद हो गयी है पर आज तक किसी भी किसान को कोई सरकारी सहायता नहीं मिली। हालत यह है कि मनरेगा में काम तक नहीं मिल रहा है और जो थोड़ा बहुत काम भी मिला उसमें वर्षो से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है।
पत्र में आइपीएफ नेता ने मुख्यमंत्री से कहा है कि बेलहत्थी के गांव रजनी टोला में बुनियादी सुविधाओं की बहाली के लिए पक्के सम्पर्क मार्ग का निर्माण कराने और अकाल के स्थितियों में ग्रामीणों की जीवन की रक्षा के लिए तत्काल कार्यवाही करने का जिलाधिकारी सोनभद्र को निर्देश दें।


