सीबीआई जल्द खोजें नवरूणा को वरना जाएंगे दोबारा सुप्रीम कोर्ट
सीबीआई जल्द खोजें नवरूणा को वरना जाएंगे दोबारा सुप्रीम कोर्ट
अपहरण के दो वर्ष बाद भी बिहार की नवरूणा चक्रवर्ती का कोई सुराग नहीं, नाराज शुभचिंतकों ने किया जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली, 21 सितंबर| नवरूणा अपहरण के 2 साल बाद भी कोई सुराग न मिलने से नाराज शुभचिंतकों ने आज जंतर पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस अपहरण मामले की लगभग 9 महीने से जांच कर रही सीबीआई के जांच के तरीकों को सही दिशा में माना, लेकिन उसकी जांच की धीमी रफ्तार पर गहरी चिंता व्यक्त की। प्रदर्शन मे शामिल होने आए नवरूणा के शुभचिंतक, जिनमें DU, IIT सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए छात्र भी शामिल थे, ने सीबीआई से जल्द से जल्द नवरूणा का सुराग लगाकर उसे घर लाने व उसे न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नवरूणा व न्याय मिलने तक सेव नवरूणा मुहिम चलाने व इस लड़ाई को लगातार जारी रखने की बात कही, जबतक कि नवरूणा नही मिलती, उसे न्याय नही मिलता। अगर जरूरत पड़ी तो नवरूणा की घर वापसी न होने की स्थिति मे हम दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाएंगे व कोर्ट की निगरानी मे विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर नवरूणा को खोजने की गुहार लगाएंगे।
गौरतलब है कि बिहार के मुजफ्फरपुर शहर से 18 सितंबर, 2012 की रात को नवरूणा का अपहरण हो गया था। उसका अब तक कोई सुराग नही लग सका है। नवरूणा के अपहरण के तुरंत बाद बिहार पुलिस ने लापरवाही बरती। शुरूआती जांच ठीक तरीके से नहीं की और न ही कभी उसे खोजने हेतु सक्रिय दिखाई दी। उल्टे पुलिस ने परिजनों को झूठा आश्वासन, दोस्तों व शुभचिंतकों को डराने धमकाने का काम किया। बाद मे जब नवरूणा के परिजनों, शुभचिंतकों ने पुलिसिया रवैये पर नाराज़गी जताई, जगह- जगह नवरूणा के शुभचिंतकों ने विरोध प्रदर्शन होने लगे तो जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया लेकिन लगभग साल भर की जांच के बाद भी वह कुछ नहीं कर सकी। इस बीच दिल्ली में रहने वाले, विशेषकर लॉ फैक्लटी, दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले नवरूणा के कुछ शुभचिंतक छात्रों ने "स्टूडेंट्स फोरम फॉर सेव नवरूणा" के बैनर तले मुहिम चलाया, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग मे शिकायत दर्ज की, प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति भवन जाकर गुहार लगाई लेकिन तुरंत कुछ नही हुआ। अंत मे थक हार के सुप्रीम कोर्ट मे जनहित याचिका लगाकर नवरूणा की आवाज़ सुनने की अपील की। कोर्ट ने पिछले 25 नवंबर 2013 को सीबीआई से नवरूणा का जल्द से जल्द पता लगाने की बात कही, तबसे नवरूणा मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे है। 9 महीने बाद भी सीबीआई किसी ठोस नतीजे तक नही पहुंच सकी है। इससे नवरूणा को लेकर शुभचिंतकों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं।
प्रदर्शन में आदित्य, राहुल मौर्य, ब्रजेश कुमार, सुखवीर, प्रभात, अनिस, विक्रांत वत्सल, ऐश्वर्या सिंह, किशन, निखिल, रामचंद्र झा, अभिषेक चौहान, सामाजिक कार्यकता अरूण कुशवाहा, फजलुर इमाम आदि मौजूद थे।


