सैमसंग के वाइस प्रेसिडेंट रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार
सैमसंग के वाइस प्रेसिडेंट रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार
डीबी लाइव
दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल कंपनियों में से एक सैमसंग के वाइस प्रेसिडेंट जे. वाई. ली को गिरफ्तार कर लिया गया है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को रिश्वत देने के आरोप में ली को गिरफ्तार किया गया है।
ली पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई को 38 मिलियन डॉलर की रिश्वत देने की कोशिश की थी।
खबरों के मुताबिक सैमसंग चीफ ने दो कंपनियों के विलय को लेकर राष्ट्रपति से समर्थन मांगा था और उन्हें इसके लिए रिश्वत की पेशकश की थी। दिसंबर में राष्ट्रपति के खिलाफ चलाए गए महाभियोग से भी यह मामला जुड़ा है।
ली की गिरफ्तारी के बाद सैमसंग ग्रुप के शेयरों में गिरावट का माहौल है। वहीं अब मुकदमे की शुरुआत के बाद कोर्ट को तीन महीने के भीतर फैसला सुनाना होगा।
सैमसंग ग्रुप की प्रवक्ता ने कहा कि ली को अरेस्ट किए जाने को चुनौती दी जाएगी या फिर बेल की मांग की जाएगी, इस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया जा सका है। वहीं अब सैमसंग और ली ने इस मामले में कुछ भी गलत किए जाने से इनकार किया है।
ली को अरेस्ट किए जाने के बाद कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि भविष्य में अदालती कार्यवाही के दौरान पूरा सच निकलकर सामने आए।' फिलहाल ली के खिलाफ गबन, विदेशों में संपत्ति को छुपाने और झूठे साक्ष्य देने के आरोपों की भी जांच चल रही है।
कोर्ट ने पिछले महीने ली को गिरफ्तार करने के अभियोजकों के मांग को खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि ली की गिरफ्तारी को न्यायसंगत ठहराने के लिए सबूतों का अभाव है। मामला दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क ग्यून को रिश्वत देने से जुड़ा हैं।
बता दें पार्क ग्यून पर भी भ्रष्टाचार मामले को लेकर महाभियोग लगाया गया, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रपति पद से निलंबित कर दिया है।
Samsung Vice Chairman Jay Y. Lee arrested


