हिंदी विश्वविद्यालय में मज़दूर की मौत पर एएसएफ ने ज्ञापन सौंपा
हिंदी विश्वविद्यालय में मज़दूर की मौत पर एएसएफ ने ज्ञापन सौंपा
वर्धा, 30जून। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा में निर्माणाधीन सुखदेव छात्रावास में काम करने के दौरान छज्जा गिरने से एक नौजवान मज़दूर की दुखद मौत हो गई है। अंबेडकर स्टूडेंट्स फोरम-एएसएफ को जब यह बात चली तो उसकी टीम घटनास्थल पर गई। बाकी मज़दूरों से बात की। लेकिन ऐसा लगा कि ठेकेदार के डर के चलते कोई मज़दूर इस बारे में कुछ खास बताने को तैयार नहीं। इतना पता चल पाया कि लालू नाम का वह मज़दूर बालाघाट का रहने वाला था और कैंपस में ही झोंपड़ी बनाकर बाकी मज़दूरों के साथ रहता था।
इस घटना के बाद एएसएफ की तरफ से कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें इस घटना को अत्यंत ही दुखद बताते हुए कहा गया कि जो मज़दूर विश्वविद्यालय के लिए भवन, छात्रावास और सड़क बनाते हैं, वे खुद यहाँ सुरक्षित नहीं हैं। ठेकेदारों की तरफ से मजदूरों का बीमा तक नहीं कराया गया है। यह इस विश्वविद्यालय के लिए बहुत ही शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
फोरम ने विश्वविद्यालय प्रशासन से यह माँग की कि इस मामले की अविलंब जाँच कराई जाए, दोषियों की पहचान करके उनके ख़िलाफ समुचित कार्रवाई की जाए और दिवंगत मज़दूर के परिवार वालों को पाँच लाख मुआवजा राशि दिलवाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही उस नौजवान मज़दूर के परिवार में किसी व्यक्ति को विश्वविद्यालय में नौकरी भी दी जाए।
अंबेडकर स्टूडेंट्स फोरम के अनीश कुमार ने बताया कि फोरम इस मामले को लेकर जिलाधिकारी/श्रमायुक्त से भी मिलेगा और ज्ञापन देगा।


