मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने पहले जत्थे को किया रवाना
गोविंदघाट/नई दिल्ली दिनांक 21 सितम्बर। जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के उद्घोष के बीच उत्त्ाराखण्ड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने गोविंदघाट से श्री हेमुकुण्ट साहिब के लिये श्रद्धालुओं जत्थों को रवाना किया। जून में आई आपदा के बाद पुनः प्रारम्भ हुयी इस यात्रा के पहले दिन आज देश भर से आए लगभग 500 श्रद्धालु हेमकुण्ट साहिब के लिये रवाना हुये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाहे गुरू की कृपा से उत्तराखण्ड आपदा से उबर रहा है। केदारनाथ में पूजा प्रारम्भ होने के बाद हेमकुण्ट साहिब के लिये यात्रा शुरू की गयी है। गंगोत्री के लिये यात्रा प्रारम्भ कर दी गयी है। एक अक्टूबर से केदारनाथ से भी यात्रा शुरू कर दी जायेगी, हालाँकि इसमें सीमित लोगों को अनुमति दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से पूरे प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार पानी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं बहाल करने में पूरे जोर शोर से लगी है। आपदा प्रभावितों को हर प्रकार की राहत पहुंचाई जा रही है। लोगों को नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके इसके लिये मानकों में बदलाव किये गये हैं। अब तक लगभग 150 करोड़ रूपए की राहत राशि चेक के माध्यम से वितरित कर दी गयी है। व्यावसायिक नुकसान की प्रतिपूर्ति को भी पहली बार शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने पार्किंग से नुकसान के लिये भी मुआवजा दिये जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 35 हजार भर्तियाँ करने जा रही है। आपदाग्रस्त गाँवों के पुनर्वास में जीएसआई की मदद ली जा रही है। उन्होंने चमोली में बेस अस्पताल बनाये जाने व जोशीमठ में हेलीपेड बनाये जाने की घोषणा की। नदियों के किनारे तटबंधों के निर्माण में विश्वस्तरीय संस्थाओं की सहायता ली जायेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से पर्यटन पर आधारित हैं। यात्रायें प्रारम्भ करने से होटल व्यावसायी, रेस्टोरेंट मालिकों, यहाँ काम करने वालों, खच्चर मालिकों, आदि को रोजगार मिलेगा जो कि उनके लिये बड़ा सहारा होगा। उन्होंने कहा कि आपदा के समय यहाँ फँसे श्रद्धालुओं की उत्तराखण्ड के लोगों ने स्वयं अभावों में रहकर जिस प्रकार मदद की उससे यहाँ का चरित्र सामने आता है। पूरे देश को उत्तराखण्ड पर गर्व है। आपदा से उबरने में पूरी मदद का आश्वासन प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह, यूपीए चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी ने दिया है। भारत सरकार हर प्रकार की सहायता कर रही है।