लगातार दूसरे महीने 21 MBPS से अधिक स्पीड हासिल करने वाली भारत की पहली कंपनी बनी

दूरसंचार नियामक ट्राई के आज जारी आकड़ों के मुताबिक 4जी डाउनलोड स्पीड के लिहाज से अक्तूबर महीने में रिलायंस जियो एक बार फिर नंबर एक पर रही। 21.8 MBPS 4जी डाउनलोड स्पीड के साथ जियो ने अपनी स्पीड बरकरार रखी है। यह लगातार दसवां महीना है जब रिलायंस जियो ने 4जी डाउनलोड स्पीड में टॉप किया है। दूसरी दूरसंचार कंपनियों की 4जी डाउनलोड स्पीड के मुकाबले जियो की स्पीड दोगुना से भी ज्यादा है।

एक अनौपचारिक नोट के मुताबिक रिलायंस जियो के नेटवर्क पर औसत डाउनलोड स्पीड अक्तूबर माह में 21.8 MBPS आंकी गई। जियो लगातार दूसरे महीने 21 MBPS से ऊपर की 4जी डाउनलोड स्पीड हासिल करने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई है। आजतक कोई भी अन्य दूरसंचार कंपनी इस आंकड़े को एक बार भी छू नही पाई है।

अनौपचारिक नोट के मुताबिक ट्राई के आकंड़ों के अनुसार अक्तूबर महीने में भारती एयरटेल के नेटवर्क पर डाउनलोड स्पीड 9.3 MBPS रही। 4जी डाउनलोड स्पीड के मोर्चे पर एयरटेल ने आइडिया को पछाड़ कर तीसरा स्थान हासिल किया है। पर जियो से वह अब भी 12.5 MBPS पीछे है।

अनौपचारिक नोट के मुताबिक इस दौरान वोडाफोन दूसरी सबसे तेज़ मोबाइल नेटवर्क कंपनी रही जिसके नेटकर्व पर डाउनलोड स्पीड 9.9 MBPS आंकी गई। वहीं आइडिया 8.1 MBPS स्पीड के साथ चौथे स्थान पर रही। आइडिया का प्रदर्शन अपने ही सितंबर माह के प्रदर्शन के मुकाबले कमजोर रहा। इससे पिछले महीने आइडिया के नेटवर्क की डाउनलोड स्पीड 8.6 MBPS थी। आइडिया की स्पीड में लगातार दूसरे महीने गिरावट दर्ज की गई है।