22 अक्टूबर को रायपुर में किसान सभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

रायपुर/18 अक्टूबर 2018। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 22 अक्टूबर को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में किसान सभा को संबोधित करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बताया कि कांग्रेस को साइंस कॉलेज मैदान में सभा करने के लिए अनुमति प्रशासन ने दे दी है।

श्री ठाकुर ने कहा कि रमन सरकार के 15 साल पूरा होने जा रहे हैं, इन 15 सालों में किसानों के ऊपर अत्याचार बढ़ा है। भाजपा सरकार के तीनों कार्यकाल में किसानों के साथ वादाखिलाफी हुई है। भाजपा ने 2013 में किसानों को धान का समर्थन मूल्य 2100 रू. एवं 300 रू. बोनस देने एवं किसानों की उपज का एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। रमन सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में किसानों के आत्महत्या के प्रकरण बढ़े हैं, अब तक लगभग 1400 से अधिक किसानों ने आत्महत्या किया है। भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार किसानों के लिए योजना बना कर किसानों के बजाय उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि फसल बीमा योजना का लाभ किसानों को सही ढंग से नहीं मिल पाया। फसल बीमा के नाम से 20,000 करोड़ से अधिक की राशि का प्रीमियम बीमा कंपनियों को दिया गया। लेकिन फसल खराब होने पर बीमा कंपनियों ने मात्र 4000 करोड़ क्षतिपूर्ति राशि किसानों को दिया है।

प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि साइंस कॉलेज मैदान में होने वाले विशाल किसान सभा में प्रदेश के कोने-कोने से किसान शामिल होंगे। कांग्रेस के 34 जिला संगठन एवं 307 ब्लॉक संगठन इकाई तैयारी में लगी हुई है। किसान सभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी मोर्चा प्रकोष्ठ विंग लगे हुए हैं। प्रदेश भर से अधिक से अधिक संख्या में किसान सभा में शामिल होकर किसान विरोधी भाजपा सरकार को बदलने बिगुल फूंकेगे।

कृपया हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें