लखनऊ। चुनावी बेला में पतझड़ की तरह दूसरे दलों से बड़े नेताओं का समाजवादी पार्टी में प्रवेश जारी है। गुरुवार आधा दर्जन प्रमुख लोग जिनमें भाजपा के पूर्व सांसद, पदाधिकारी तथा जिला पंचायत सदस्य पार्टी में शामिल हुए। गोरखपुर के पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप शाही के पुत्र विवेक प्रताप भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. महादीपक सिंह शाक्य, वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक रतन शाक्य, जिला उपाध्यक्ष भाजपा फरुखाबाद राम रतन शाक्य, महेश अहरिवार एवं आदित्य कुमार के अतिरिक्त वीरेन्द्र प्रताप शाही के पुत्र विवेक प्रताप शाही को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए उम्मीद जताई है कि इनके आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी।

महादीपक सिंह शाक्य जनसंघ और भाजपा से 6 बार सांसद रहे हैं। वह उस समय भी सांसद थे जब भाजपा के पूर्व अवतार जनसंघ का चुनाव चिन्ह दीपक हुआ करता था। महादीपक शाक्य का सपा में शामिल होना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसी तरह डॉ. अशोक रतन शाक्य तीन लोकसभा चुनावों में प्रत्याशी रहे और दो बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।