पेपर लीक और भ्रष्टाचार का नेक्सस : न्याय बनाम व्यवस्था

By :  Hastakshep
Update: 2025-07-13 17:20 GMT

opinion, विचार

“कहीं भी अन्याय होना, हर जगह न्याय के लिए खतरा है।” – मार्टिन लूथर किंग जूनियर

भारत में पेपर लीक की घटनाएं एक बड़ी समस्या बन गई हैं, जिससे छात्रों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक़ पिछले पाँच सालों में 41 से ऊपर पेपर लीक हुए हैं, हाल के वर्षों में, कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों में आक्रोश और निराशा बढ़ी है। इस लेख में, हम पेपर लीक की समस्या के कारणों और प्रभावों पर चर्चा करेंगे. साथ ही पेपर लीक मामले में व्याप्त भ्रष्टाचार की गहन जांच और विश्लेषण, जिसमें कोचिंग माफिया, बड़े व्यक्तियों और सरकारी मिलीभगत की भूमिका की जांच करेंगे।

भारत एक युवा देश है जहां छात्र अपने कॉलेज की डिग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा में बैठने की सबसे अधिक संभावना रखते हैं। हमारा शिक्षा पैटर्न भी परीक्षाओं पर आधारित है, इसलिए सभी छात्रों और अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य है। दो करोड़ से अधिक छात्र और अभ्यर्थी प्रतिस्पर्धी और प्रवेश परीक्षाओं में बैठते हैं, और जब पेपर लीक की खबर आती है, तो यह न केवल छात्रों को कमज़ोर करती है, बल्कि उनके परिवारों को भी प्रभावित करती है। यह उनके भविष्य, आशा, भावनाओं और गरीबी पर गहरा आघात करती है। इन मामलों में छात्रों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, और यही कारण है कि आत्महत्या के मामलों में भी वृद्धि हुई।

इतिहास में पहली बार हुआ है कि आत्महत्या के मामले में छात्रों ने किसानों को भी पीछे (एनसीआरबी 2022 डेटा) छोड़ दिया है। इस बात की गंभीरता को इससे समझा जा सकता है कि राजस्थान के कोटा में हॉस्टल प्रशासन ने अपने हॉस्टल के दरवाज़ों पर यह प्लेट्स लगवाईं कि "हमारे हॉस्टल परिसर में आत्महत्या का एक भी मामला नहीं हुआ है।"

पिछले कुछ वर्षों में हुए बड़े पेपर लीक की रिपोर्ट-

तारीख  परीक्षा का नाम  टिप्पणी

जून 2015 एआईपीएमटी (अखिल भारतीय प्री-मेडिकल टेस्ट) पेपर लीक

मार्च 2016 एसएससी सीपीओ एसआई/एएसआई लिखित परीक्षा पेपर लीक

जुलाई 2016 नीट चरण 2 पेपर लीक

फरवरी 2017 सेना भर्ती परीक्षा पेपर लीक

मई 2017 एसएससी एमटीएस (मल्टी-टास्किंग स्टाफ) पेपर लीक

मई 2017 नीट पेपर लीक

2018 एसएससी कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) परीक्षा पेपर लीक

दिसंबर 2018 गुजरात पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक

फरवरी 2020 आरओ/एआरओ (रिव्यू ऑफिसर/असिस्टेंट रिव्यू ऑफिसर) पेपर लीक

सितंबर 2020 नेशनल लॉ एडमिशन टेस्ट (एनएलएटी) पेपर लीक

नवंबर 2021 यूपीटीईटी (उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक

दिसंबर 2021 जीएसएसएसबी (गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड) पेपर लीक

मई 2022 बीपीएससी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक

फरवरी 2024 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक

मई 2024 नीट पेपर लीक

जून 2024 यूजीसी नेट पेपर लीक

(Source: Indian एक्सप्रेस)

कारण और प्रभाव

पेपर लीक समस्या के मुख्य कारण हैं: एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की सुरक्षा में कमियाँ, सरकारी मिलीभगत और कोचिंग व शिक्षा माफियाओं का नेक्सस। पेपर लीक के पीछे मुख्य बात क्लेप्टोक्रेसी है; NEET UG, UGC NET और विभिन्न परीक्षाओं के पहलू में, हमने पाया है कि क्लेप्टोक्रेट्स की एक श्रृंखला अपने शक्ति का उपयोग करके शिक्षा माफिया और कोचिंग केंद्रों से रिश्वत लेती है और वे परीक्षा पेपर बेचते हैं। यह पेपर लीक भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है, “एक तरफ परीक्षा पत्रों और भर्ती फॉर्म की कीमतें बहुत अधिक कीमतों पर बेची जा रही हैं, जबकि दूसरी तरफ रिश्वत के रूप में बड़ी रकम वसूली जा रही है।" यह काम एक संगठित तरीके से किया जाता है, जो भ्रष्टाचार को बढ़ाता है और मजबूत करता है।

पेपर लीक की समस्या छात्रों के शैक्षिक भविष्य, शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और सामाजिक-आर्थिक ढांचे पर गहरा प्रभाव डालती है। इससे न केवल छात्रों का मनोबल और आत्मविश्वास प्रभावित होता है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर जनता का भरोसा भी कमजोर होता है। साथ ही, इससे आर्थिक असमानता भी बढ़ती है।

पेपर लीक का दायरा

पेपर लीक मामले में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की बात सामने आई है, जिसमें कोचिंग माफिया, धनवान व्यक्ति और सरकारी मिलीभगत का आरोप लगाया जा रहा है। इस मामले में जाँच के लिए कई टीमें गठित की गईं, लेकिन अभी तक कोई बड़ा व्यक्ति या मास्टरमाइंड पकड़ में नहीं आया है।

इसके बजाय, छोटे-मोटे गिरोहों और ग्रुपों को गिरफ्तार कर जेल में डाला गया है, जैसे कि प्रयागराज में केएल पटेल का उदाहरण है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या जाँच सही दिशा में जा रही है और क्या बड़े अपराधियों को बचाया जा रहा है।

एनटीए की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं, जो पेपर लीक होने के बाद भी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रही है। सरकार की ‘मेहरबानी’ के कारण एनटीए पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है, जो इस मामले को और भी संदिग्ध बनाता है। इस मामले में जल्द से जल्द न्याय और पारदर्शिता की आवश्यकता है ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

इस मामले में निम्नलिखित सवालों पर विचार करना आवश्यक है:

1. एनटीए की सुरक्षा व्यवस्था में क्या कमियाँ हैं जो पेपर लीक होने की अनुमति देती हैं?

2. सरकारी मिलीभगत की बातें सच हैं या नहीं, और यदि हाँ, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

3. जाँच में अभी तक कोई बड़ा व्यक्ति क्यों नहीं पकड़ में आया है, और क्या जाँच सही दिशा में जा रही है?

4. छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और क्या सरकार इस मामले में न्याय के लिए प्रतिबद्ध है?

छात्र आंदोलन

INDIA गठबंधन के छात्र संगठनों (एनएसयूआई, आइसा, एआईएसएफ, एसएफआई, समाजवादी छात्रसभा, छात्र राजद, एमएसएफ आदि) ने व्यापक स्तर पर पेपर लीक का विरोध प्रदर्शन किया। पेपर लीक के खिलाफ़ इंडिया गठबंधन के छात्र संगठनों ने मिलकर पहली बार जंतर मंतर पर व्यापक स्तर पर जुलाई 2024 में विरोध प्रदर्शन किया था फिर दूसरी बार मार्च 2025 को बड़े स्तर पर जंतर मंतर पर घेराव किया जिसमें विपक्ष के तमाम नेताओं और सांसदों के साथ-साथ संसद में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी भी इन छात्रों का साथ देने जंतर मंतर पर पहुँचे थे। ये छात्र संगठन इस आंदोलन को देश के कोने-कोने ले जाने में सफल साबित हुए, यही कारण रहा कि सरकार को छात्रों के आगे बैकफुट पर आना पड़ा है, अन्यथा सरकार यह भी मानने को तैयार नहीं होती है कि पेपर लीक की घटना हुई है। उदाहरणस्वरूप यदि हम पिछले साल का NEET UG का मामला देखें तो पेपर लीक की घटना मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आने के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान मीडिया के सामने आए और उन्होंने यह बयान दिया कि NEET UG 2024 की परीक्षाओं में पेपर लीक की कोई घटना सामने नहीं आई है। यह बयान उस समय दिया गया जब हर शहर और छात्र केंद्रित स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो चुके थे। उनका यह बयान भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणियों से बिल्कुल विपरीत था, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि “NEET UG परीक्षा में पेपर लीक की घटना हुई है, इसमें कोई संदेह नहीं है। केवल इस बात का निर्धारण किया जाना बाकी है कि पेपर लीक की सीमा कितनी है, ताकि इस मामले में एक तार्किक निष्कर्ष तक पहुँचा जा सके।”

सरकार के इस दोहरे रवैये ने भी कहीं न कहीं इस भ्रष्टाचार को बल दिया है और जाँच के नाम पर छोटी मछलियों को पकड़ कर जेल में डाल रखा है, आज तक पेपर लीक में व्याप्त कोई भी बड़ा गिरोह या सरगना इस कृत्य में लिप्त पकड़ा नहीं गया है।

अंततः पेपर लीक की समस्या एक गंभीर चुनौती है जिसका समाधान करने के लिए सरकार, शिक्षा संस्थानों और छात्रों को मिलकर काम करना होगा। इस समस्या के समाधान के लिए कड़े कदम उठाने होंगे, जिसमें एनटीए की सुरक्षा व्यवस्था की कमियों की पहचान और सुधार, सरकारी मिलीभगत की जांच, जांच की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा शामिल है। सरकार और संबंधित अधिकारियों को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। घूम कर यदि वापस हम अपनी शुरूआती बातों पर आएँ तो मार्टिन लूथर किंग जूनियर का यह प्रसिद्ध कथन दर्शाता है कि न्याय एक साझा मूल्य है जो किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं है। यदि किसी एक स्थान पर अन्याय को नजरअंदाज किया जाता है, तो वह धीरे-धीरे पूरे समाज की न्याय व्यवस्था को खोखला कर सकता है। यह विचार हमें यह चेतावनी देता है कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना केवल पीड़ित का नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है, क्योंकि किसी भी कोने में हुआ अन्याय एक दिन हम सभी को प्रभावित कर सकता है।

धन्यवाद

-अखिलेश यादव

(लेखक सेंटर फॉर हिस्टोरिकल स्टडीज़, जेएनयू से रिसर्च स्कॉलर हैं और इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।)

Tags:    

Similar News