14 फरवरी 2024 की अब तक की बड़ी खबरें

देश को सशक्त बनाने के लिए महिलाओं की समान भागीदारी जरूरी-राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा है कि देश को सशक्त बनाने के लिए महिलाओं की बराबर की भागदारी जरूरी है। श्रीमती मुर्मू आज राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम में 'लखपति दीदी सम्मेलन' को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार को चलाने में महिला और पुरूष दोनों की बराबर की भागीदारी जरूरी है, उसी तरह देश के आर्थिक और सामजिक विकास में भी दोनों का बराबर का सहयोग होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाएं आर्थिक विकास को गति प्रदान करें, इसके लिए पूरे समाज को प्रयास करना चाहिए।

'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के खिलाफ तमिलनाडु विधानसभा में प्रस्ताव पारित

तमिलनाडु विधानसभा ने आज राज्य के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा पेश किए गए 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया और केंद्र से यह नीति नहीं लाने का आग्रह किया। हालांकि, भाजपा ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया, जबकि मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने कहा कि वह दस वर्षों में अपनी दस मांगों के पूरा होने की स्थिति में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' नीति का समर्थन करेगी, जिसे तैयार करने की जिम्‍मेदारी तत्कालीन भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दी गई थी।

नीतीश के जाने से इंडिया गठबंधन पर कोई असर नहीं : कांग्रेस

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जाने से इंडिया गठबंधन पर कई असर नहीं पड़ा है। अखिलेश प्रसाद सिंह ने आज राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त कहा कि नीतीश कुमार के छोड़ने का इंडिया गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्‍होंने कहा कि वह जिसके साथ भी जुड़ते हैं, उसके लिए बोझ बन जाते हैं। इंडिया गठबंधन उनके बगैर भी मजबूत है।

किसी से नाराजगी नहीं, राजनीति में ऐसा समय आता है : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य के महासचिव पद से इस्तीफा देने और विधायक पल्लवी पटेल के राज्यसभा चुनावों में वोट न देने के सवाल पर कहा कि किसी की कोई नाराजगी नहीं है। राजनीति में ऐसा समय आता है, उसी समय को हम लोग देख रहे हैं।

आज एक कार्यक्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव इटावा और मैनपुरी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और अपना दल (कमेरावादी) नेता पल्लवी पटेल से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने कहा कि इसमें किसी की कोई चाल नहीं है। आदमी को अपने आप को खुद को धोखा नहीं देना चाहिए।

पीएम मोदी ने दुबई में जेबेल अली मुक्त व्यापार क्षेत्र में भारत मार्ट की आधारशिला रखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुबई के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई में जेबेल अली मुक्त व्यापार क्षेत्र में भारत मार्ट की आधारशिला रखी। 'भारत मार्ट', भारतीय व्यवसायों के लिए एक हाइब्रिड बाज़ार है। कार्यक्रम के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच द्विपक्षीय व्यापार को प्रोत्‍साहन देने के लिए 'भारत मार्ट' की क्षमता पर बल दिया। भारत मार्ट का लक्ष्य (Bharat Mart's goal) भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को खाड़ी, पश्चिम एशिया, अफ्रीका और यूरेशिया में अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहुंच बढाने के लिए एक मंच प्रदान करना है।

प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने के लिए सरकार तैयार

केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सरकार, प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। आज नई दिल्ली में श्री मुंडा ने किसान संघ से चर्चा का माहौल बनाये रखने और सहयोग करने को कहा, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने किसान संघ से सार्वजनिक जीवन में बाधा उत्पन्न न करने का आग्रह किया।

दिल्ली हाईकोर्ट को आवंटित भूमि पर अतिक्रमण करने पर सुप्रीम कोर्ट ने आप को लगाई कड़ी फटकार

राउज एवेन्यू में एक भूखंड के एक हिस्से पर अतिक्रमण करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (आप) को कड़ी फटकार लगाई है, जिसे दिल्ली उच्च न्यायालय को आवंटित किया गया था।

सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सचिव और वित्त सचिव को बिना इंतजार किए सभी लंबित मुद्दों को निपटाने के लिए उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल के साथ बैठक बुलाने को कहा।

सेन्सेक्स 268 अंकों की बढ़त और निफ्टी 97 अंक बढ़कर बंद हुए

सेन्सेक्स 268 अंकों की बढ़त के साथ 71 हजार 823 पर और निफ्टी 97 अंक बढ़कर 21 हजार 840 पर बंद हुए। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83 रूपये तीन पैसे प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ।

वेलेंटाइन डे पर शाहिद कपूर ने अपनी पत्‍नी को कहा, 'आई लव यू मीरा'

बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर ने वेलेंटाइन डे पर एक वीडियो में अपनी पत्‍नी मीरा राजपूत के प्रति अपने प्यार का इजहार किया है और आज रात के लिए अपनी 'डेट' का खुलासा किया है। वीडियो में शाहिद को सफेद टी शर्ट और काली हुडी, मैचिंग धूप का चश्मा और गले में चेन पहने हुए दिखाया गया है।

राजद ने मनोज झा और संजय यादव को बनाया राज्यसभा का प्रत्याशी

राष्ट्रीय जनता दल ने पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता मनोज कुमार झा और संजय कुमार यादव को राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों नेता गुरुवार को नामांकन दाखिल करेंगे। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के निर्देशानुसार दोनों को उम्मीदवार बनाया गया है।

मनोज झा का राज्यसभा जाना पहले से तय माना जा रहा था। जबकि, संजय यादव की राजनीति में इसे प्रवेश माना जा रहा है।

News headlines in Hindi for school assembly | ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी | आज की बड़ी खबरें