04 सितंबर 2023 की अब तक की बड़ी खबरें

वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान देश के 8 प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों की संपत्ति में जोरदार उछाल देखने को मिला है। एडीआर की एक रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक दलों की संपत्ति वित्त वर्ष 2021-22 में बढ़कर 8829.158 करोड़ हो गई है, जिसमें भाजपा द्वारा सबसे अधिक संपत्ति 6,046.81 करोड़ रुपये घोषित की गई।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली स्थित गांधी दर्शन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और परिसर में 'गांधी वाटिका' का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी संपूर्ण विश्व समुदाय के लिए वरदान स्वरूप हैं। उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों ने पूरी दुनिया को एक नई दिशा दी है। उन्होंने अहिंसा का मार्ग उस समय दिखाया जब विश्व-युद्धों के कालखंड के दौरान दुनिया घृणा और द्वेष से ग्रसित थी।

पुलिस द्वारा मणिपुर में एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (ईजीआई) के चार सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के एक दिन बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि मणिपुर जातीय संघर्ष पर ईजीआई रिपोर्ट "पक्षपातपूर्ण और तथ्यात्मक रूप से गलत" है।

बीती एक सितंबर को महाराष्ट्र के जालना में मराठा आरक्षण समर्थक आंदोलन के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ितों से माफी मांगी है।

इस साल के अंत में होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनावों पर नजर रखते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तेलंगाना के हैदराबाद में पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था, नवगठित कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की पहली बैठक बुलाएंगे।

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और मोदी सरकार में मंत्री रह चुकी उमा भारती ने मध्य प्रदेश में पार्टी द्वारा शुरू की गई जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण नहीं दिए जाने पर विधान सभा चुनाव से जुड़ी इस महत्वपूर्ण यात्रा का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी है।

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे ने आज हैदराबाद के शमशाद में जलवायु अनुकूल कृषि पर तीन दिवसीय जी-20 तकनीकी कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में जी-20 देशों तथा आमंत्रित देशों के 100 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में मोहन बागान ने कल ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर डूरंड कप 2023 की ट्रॉफी जीत ली है। मोहन बागान ने 23 वर्षों में पहली बार 132वां डूरंड कप जीता है। इस जीत के साथ ही मोहन बागान एसजी डूरंड कप के इतिहास में 17 खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि मोदी सरकार के संरक्षण में जहां एक तरफ बैंक फ्रॉड की घटनाएं बेतहाशा बढ़ी है, धोखाधड़ी करने वाले और भगोड़ों को भाजपाईयों का संरक्षण मिला है जिसका नुकसान आम जनता को भोगना पड़ रहा है। मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते देश में बैंकिंग व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पूंजीपति मित्र प्रेम के चलते जो लाखों करोड़ों का लोन राइट ऑफ किए जा रहे हैं उसकी भरपाई बैंक बड़ी बेरहमी से आम जनता से कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों में इस महीने गुरूवार तक मूसलाधार वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश हिमालय की निचली पहाड़ियों तथा आसपास के इलाकों में जारी रह सकती है।

बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज दो सौ चालीस अंक उछलकर 65 हजार 628 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 93 अंक बढ़कर 19 हजार 528 पर पहुंच गया।

News headlines in Hindi for school assembly | ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी | आज की बड़ी खबरें