The Morning Bulletin – 17 जुलाई २०२५ सुबह की बड़ी ख़बरें

The Morning Bulletin – 17 जुलाई २०२५ आज सुबह की बड़ी ख़बरें
नई दिल्ली, बुधवार, 17 जुलाई 2025.
आज की ताज़ा ख़बरें और दिन भर पर नजर रखने वाली बड़ी खबरें जो बनेंगी सुर्खियां
राहुल गांधी और खड़गे आज असम दौरे पर
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज असम के दौरे पर हैं। इस दौरान वे राज्य कांग्रेस के ज़िला, मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने बताया कि यह दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों को शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचाने के लिए अहम माना जा रहा है।
'उदयपुर फाइल्स' की रिलीज़ पर रोक को चुनौती – सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई
कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म "Udaipur Files" की रिलीज़ पर रोक को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। यह मामला देशभर में बहस का विषय बना हुआ है।
दिल्ली में चंद्रबाबू नायडू की मंत्रियों से मुलाकातें
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू आज दिल्ली में श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया, जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात करेंगे। यह बैठकें राज्य से जुड़े प्रमुख विकास और वित्तीय मसलों पर केंद्र सरकार से संवाद स्थापित करने की दृष्टि से अहम मानी जा रही हैं।
झारखंड के 19 जिलों में फ्लैश फ्लड अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के 19 ज़िलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का अलर्ट जारी किया है। भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ कई ज़िलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में मौसम और अधिक खराब होने की संभावना है।
भारत ट्रम्प के टैरिफ़ पर ‘वेट एंड वॉच’ मोड में
अमेरिका द्वारा आगामी 1 अगस्त से प्रस्तावित टैरिफ के प्रभावों पर भारत नजर बनाए हुए है। सरकार की ओर से फिलहाल कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वाशिंगटन में चल रही द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के अगले दौर में भारत के मुख्य वार्ताकार भी आज शामिल होंगे।
T20 सीरीज़ जीत के बाद अब ODI पर नज़र
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक T20 सीरीज़ जीतने के बाद अब 3 मैचों की ODI श्रृंखला के लिए कमर कस ली है। पहला मुकाबला आज साउथैम्पटन में खेला जाएगा। विश्व कप की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज़ बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिहार में वोटर लिस्ट पर विवाद: CPI(ML) का गंभीर आरोप
बिहार में चल रही Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया पर सीपीआई(एमएल) नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने सवाल उठाते हुए कहा है कि यह जनता को डराने का तरीका है। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 की मतदाता सूची के आधार पर ही विधानसभा चुनाव कराने की मांग की है।
रूस से व्यापार पर भारत, ब्राज़ील और चीन को NATO की चेतावनी
NATO प्रमुख मार्क रुटे ने अमेरिका में चेतावनी दी है कि अगर भारत, ब्राज़ील और चीन रूस के साथ व्यापार जारी रखते हैं, तो उन्हें द्वितीयक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने रूस पर और सख्त आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की है।
बालासोर कांड पर राहुल गांधी का बड़ा हमला
ओडिशा के बालासोर में आत्मदाह करने वाली छात्रा के पिता से बात कर राहुल गांधी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने इस घटना को “भाजपा शासन व्यवस्था की संगठित हत्या” बताया और कहा कि “यह केवल एक बेटी की त्रासदी नहीं, पूरे समाज का जख्म है।” कांग्रेस ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।
आज की संभावित चर्चाएं
- सुप्रीम कोर्ट में उदयपुर फाइल्स केस पर सुनवाई
- राहुल-खड़गे की असम यात्रा पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
- झारखंड में बारिश और बाढ़ की स्थिति
- चंद्रबाबू नायडू की दिल्ली बैठकों के नतीजे
- भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर अपडेट
- बालासोर कांड पर विपक्षी लामबंदी


