उत्तर भारत में भारी बारिश और नदियों का बढ़ा जलस्तर, कई राज्यों में बाढ़ जैसी हालात

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के उफान पर होने से कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव और अलर्ट जारी किया गया है।

उधर यूपी के प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटीय और निचले इलाकों में पानी घुस गया है।

राजस्थान के अजमेर और उदयपुर में लगातार बारिश से इन शहरों के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

जम्मू-कश्मीर के कटरा में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा खराब मौसम और सुरक्षा चिंताओं के चलते लगातार 12वें दिन भी स्थगित रही। भारी बारिश से त्रिकुटा पहाड़ियों में भूस्खलन और सड़कें बाधित हो गई हैं।

उत्तराखंड में 1 से 5 सितंबर तक रोकी गई चारधाम यात्रा का पंजीकरण और संचालन आज से फिर से शुरू किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।