युद्ध समाप्त होने के बाद भी क्यों बने रहते हैं हथियारों के खतरे?

  • घोस्ट गन क्या हैं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए ये क्यों हैं चुनौती?
  • 3डी-प्रिंटेड हथियार: तकनीक का नया और खतरनाक इस्तेमाल
  • छोटे और हल्के हथियार कैसे बनते हैं लंबे समय तक हिंसा का स्रोत?
  • लीबिया से सहेल तक: संघर्ष क्षेत्रों से फैलते हथियारों का नेटवर्क
  • अवैध हथियारों का संबंध अपराध, आतंकवाद और मानवाधिकार उल्लंघनों से कैसे जुड़ता है?
  • लैटिन अमेरिका और अफ्रीका में अवैध हथियारों का बढ़ता प्रभाव
  • अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक पहल
  • कोफ़ी अन्नान ने छोटे हथियारों को ‘वास्तविक विनाश के हथियार’ क्यों कहा था?

वैश्विक शांति और विकास के लिए हथियारों पर नियंत्रण क्यों जरूरी है?

युद्ध और संघर्ष खत्म होने के बाद भी हथियार समाजों का पीछा नहीं छोड़ते। घोस्ट गन, 3डी-प्रिंटेड हथियार और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क कैसे अपराध, आतंकवाद और अस्थिरता को बढ़ा रहे हैं,संयुक्त राष्ट्र समाचार की इस खबर से जानिए संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी...

हथियार नहीं छोड़ते पीछा इनसान का, जगह बदलकर करते रहते हैं विनाश

3 जून 2026 शान्ति और सुरक्षा

युद्ध या हिंसक संघर्ष, कुछ समय बाद भले ही सुर्ख़ियों से ओझल हो जाएँ, लेकिन उनमें इस्तेमाल किए गए हथियार अक्सर लम्बे समय तक प्रचलन में बने रहते हैं. ये हथियार सीमाएँ पार करके अपराध को बढ़ावा देते हैं और नाज़ुक शान्ति प्रयासों को कमज़ोर करते हैं. अब ‘घोस्ट गन’, 3डी-प्रिंटेड हथियार और हथियारों की तस्करी के लगातार अधिक बेहतर होते नैटवर्क, दुनिया भर की सरकारों के लिए नई चुनौतियाँ खड़ी कर रहे हैं.

इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सदस्य देशों के प्रतिनिधि, अवैध हथियारों के वैश्विक प्रसार पर विचार-विमर्श कर रहे हैं. ये ऐसे हथियार हैं जो युद्ध समाप्त होने के बाद भी समुदायों में हिंसा को बढ़ावा देते रहते हैं.

इस चर्चा का मुख्य केंद्र उभरती टेक्नोलॉजी हैं. इस विषय पर विशेषज्ञों का कहना है कि टैक्नोलॉजी के कारण अवैध हथियारों का निर्माण पहले की तुलना में आसान और उनका पता लगाना अधिक कठिन हो सकता है.

संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष निरस्त्रीकरण अधिकारी इज़ुमी नाकामित्सु ने यूएन न्यूज़ से कहा, “युद्ध समाप्त हो जाते हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश उन हिंसक टकरावों में इस्तेमाल किए गए हथियार पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ पाते. वे प्रचलन में बने रहते हैं, कभी उन्हें छिपा दिया जाता है और कई बार उन्हें सीमाओं के पार ले जाया जाता है.”

'घोस्ट गन' और 3डी-प्रिंटेड हथियार

विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे तेज़ी से उभरती चिन्ताओं में तथाकथित ‘घोस्ट गन’ शामिल हैं. ये ऐसे हथियार होते हैं जिन्हें अलग-अलग पुर्ज़ों या किटों को जोड़कर तैयार किया जाता है और जिन पर कोई क्रम संख्या (serial numbers) नहीं होती, जिससे उनका पता लगाना, क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए बेहद मुश्किल हो जाता है.

वहीं, 3डी-प्रिंटिंग तकनीक में प्रगति ने नई चुनौतियाँ उत्पन्न कर दी हैं. इसके ज़रिए हथियारों के पुर्ज़े और कुछ मामलों में पूरे कार्यशील हथियार भी पारम्परिक विनिर्माण और नियामक व्यवस्था से बाहर तैयार किए जा सकते हैं.

देशों की सरकारों के बीच यह चिन्ता बढ़ रही है कि ऐसी तकनीक के अधिक सुलभ और सस्ती होने से अवैध हथियारों का निर्माण आसान और उनका नियमन अधिक कठिन हो सकता है.

इज़ुमी नाकामित्सु ने कहा, “यदि इन हथियारों या उनके पुर्ज़ों को अलग-अलग करके उनकी तस्करी की जाती है, तो उनका पता लगाना और भी मुश्किल हो जाता है.”

छोटे और हल्के हथियार

इसके साथ ही, छोटे हथियारों में पिस्तौल, रिवॉल्वर और असॉल्ट राइफ़ल जैसे हथियार शामिल हैं, जिन्हें एक व्यक्ति चला सकते हैं.

वहीं, हल्के हथियारों (Light weapons) की श्रेणी में ग्रेनेड लांचर, मशीन गन तथा ढोकर ले जाई जा सकने वाली वायु-रोधी और टैंक-रोधी प्रणालियाँ आती हैं, जिन्हें संचालित करने के लिए एक छोटे दल की आवश्यकता होती है.

ये हथियार, तुलनात्मक रूप से सस्ते, टिकाऊ और उपयोग में आसान होने के कारण, दशकों तक प्रचलन में बने रह सकते हैं.

साथ ही, गोला-बारूद भी एक बड़ी चुनौती है. विशेषज्ञों के अनुसार, अवैध रूप से प्रचलित हथियारों तक गोला-बारूद की निरन्तर पहुँच हिंसक संघर्ष, अपराध और आतंकवाद को लम्बे समय तक जारी रख सकती है.

युद्ध के बाद भी चलन में

इसका एक प्रमुख उदाहरण लीबिया है, जहाँ 2011 में मुअम्मार गद्दाफ़ी के शासन के अन्त के दौरान और उसके बाद लूटे गए या अवैध रूप से फैलाए गए हथियार, बाद में पूरे सहेल क्षेत्र में दिखाई दिए. इनमें निजेर, बुर्कीना फ़ासो और नाइजीरिया जैसे देश शामिल हैं.

इनमें से कुछ हथियार बाद में चरमपंथी समूहों के हाथों में पहुँच गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि एक संघर्ष में इस्तेमाल हुए हथियार वर्षों बाद पड़ोसी देशों की स्थिरता के लिए भी ख़तरा बन सकते हैं.

इज़ुमी नाकामित्सु ने कहा, “किसी (हिंसक) संघर्ष का अन्त होने का अर्थ यह नहीं है कि उन हथियारों का प्रसार भी समाप्त हो जाता है. वे बने रहते हैं और लोगों को नुक़सान पहुँचाते रहते हैं.”

व्यापक पहुँच से चिन्ता

अवैध हथियारों का असर अलग-अलग क्षेत्रों में भिन्न है, लेकिन इसकी पहुँच व्यापक है.

लातीनी अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र में अवैध हथियार, संगठित अपराध और दुनिया की सबसे ऊँची हत्या दरों से जुड़े हुए हैं.

संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के अनुसार, इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हिंसक मौतों के 70 से 80 प्रतिशत मामलों में आग्नेयास्त्रों (firearms) का इस्तेमाल होता है.

वहीं, उप-सहारा अफ़्रीका के कई क्षेत्रों में छोटे हथियारों का प्रसार शान्ति निर्माण प्रयासों को कमज़ोर कर सकता है.

सशस्त्र समूहों, मिलिशिया या आत्मरक्षा के लिए समुदायों के पास बने रहने वाले हथियार, हिंसा और अस्थिरता को फिर से बढ़ावा दे सकते हैं.

अवैध हथियारों के दुष्परिणाम केवल हिंसक संघर्षों तक सीमित नहीं हैं. इनका सम्बन्ध मानवाधिकार उल्लंघनों, आतंकवाद तथा यौन और लैंगिक हिंसा से भी है.

इज़ुमी नाकामित्सु ने कहा, “यह केवल सुरक्षा का मुद्दा नहीं है. यह शान्ति निर्माण, मानवाधिकारों और विकास से भी जुड़ा हुआ विषय है.”

यूएन के क़दम…

संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों ने छोटे और हल्के हथियारों से उत्पन्न होने वाले ख़तरों के मद्देनज़र, वर्ष 2001 में एक कार्य योजना अपनाई थी.

इस कार्य योजना के तहत देशों ने राष्ट्रीय क़ानूनों को मज़बूत करने, हथियार भंडारों की सुरक्षा बढ़ाने, अवैध तस्करी से निपटने और अन्तरराष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई.

इसके बाद. साल 2005 में ‘अन्तरराष्ट्रीय अनुरेखण साधन’ (International Tracing Instrument) को अपनाया गया, जिसने अवैध हथियारों की पहचान, रिकॉर्ड रखने और उनका पता लगाने के लिए वैश्विक मानक स्थापित किए.

यह व्यवस्था जाँचकर्ताओं को यह पता लगाने में मदद करती है कि अवैध हथियार कहाँ से आए और वे गैर-क़ानूनी बाज़ारों तक कैसे पहुँचे.

साथ ही, इससे वैध भंडारों से हथियारों के अवैध हाथों में पहुँचने का जोखिम भी कम होता है.

संयुक्त राष्ट्र, तकनीकी सहायता, नीतिगत मार्गदर्शन और क्षमता-विकास कार्यक्रमों के माध्यम से देशों को हथियार भंडारों की सुरक्षा, उनके बारे में जानकारी रखने की प्रणालियों में सुधार और सीमा नियंत्रण को मज़बूत बनाने में सहायता प्रदान करता है.

विनाश की वजह हैं हथियार

पूर्व यूएन महासचिव कोफ़ी अन्नान ने इस बात पर बल दिया था कि छोटे हथियार वास्तव में दुनिया के “वास्तविक विनाश के हथियार” हो सकते हैं, क्योंकि ये बड़े पैमाने पर मौत और चोट का कारण बनते हैं.

यह चुनौती केवल घातक हथियारों तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंसा को कम करने, समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हिंसक संघर्षों के फिर से भड़कने से रोकने से भी जुड़ी है.

इज़ुमी नाकामित्सु ने कहा कि अवैध हथियारों के प्रसार को कम करने से दुनिया भर के समुदायों को लाभ होगा.

उन्होंने कहा, “यह बहुत से लोगों के लिए एक वास्तविक मुद्दा है. हम सभी समाजों में छोटे हथियारों के उचित नियंत्रण और विनियमन चाहते हैं. इससे निश्चित रूप से सभी का जीवन अधिक सुरक्षित और संरक्षित होगा.”