ईरानी विदेश मंत्री अराघची की चेतावनी : पूरी दुनिया के लिए खतरा है अमेरिका की आक्रामकता

Foreign Minister Araghchi of Iran issued a warning: The world faces danger due to the United States' aggressive behaviour.

इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) की बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए। अराघची ने कहा कि यदि अमेरिका इस संघर्ष में खुलकर शामिल होता है, तो यह पूरी दुनिया के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। अराघची ने साफ कहा कि जब ईरानी नागरिक अमेरिका के समर्थन वाली बमबारी का शिकार हो रहे हैं, तो किसी भी प्रकार की बातचीत संभव नहीं है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...

नई दिल्ली, 21 जून 2025। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Iran's Foreign Minister Abbas Araghchi) ने इस्लामिक सहयोग संगठन (Organisation of Islamic Cooperation -OIC) की एक अहम बैठक के दौरान अमेरिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका इस संघर्ष में और अधिक आक्रामक भूमिका निभाता है, तो यह पूरे क्षेत्र ही नहीं, बल्कि विश्व शांति के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है।

अराघची ने संवाददाताओं से कहा,

"हमें कूटनीति में वापस आने के लिए आक्रामकता को रोकना होगा। यह स्पष्ट है कि मैं अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर सकता, जब मेरे देश के लोग उसी के समर्थन में हो रही बमबारी के अधीन हैं।"

अराघची का आरोप- अमेरिका शुरू से रहा है इस संघर्ष में शामिल

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि वह इस आक्रामकता में शामिल है, लेकिन हमारे पास इसके स्पष्ट संकेत हैं कि संघर्ष की शुरुआत से ही अमेरिका इस अभियान में शामिल रहा है।

अराघची ने आगे कहा,

"हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा दिए गए साक्षात्कार से यह बात साफ हो गई है कि वह इस पूरी स्थिति में अमेरिकी नेतृत्व की भूमिका स्वीकार कर रहे हैं।"

अराघची की चेतावनी - अमेरिका अगर खुलकर शामिल हुआ, तो घातक होंगे परिणाम

अराघची ने अपनी बात को दोहराते हुए चेतावनी दी,

"दुर्भाग्य से हमने सुना है कि अमेरिका अब सीधे तौर पर इस आक्रामकता में शामिल हो सकता है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और खतरनाक होगा — और मैं मानता हूं कि यह न केवल क्षेत्र बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है।"

तनाव की पृष्ठभूमि :

ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की संभावित सैन्य सक्रियता पर अराघची का यह बयान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। OIC की बैठक में मुस्लिम देशों ने फिलिस्तीन के हालात पर चिंता व्यक्त की और आक्रामकता रोकने की मांग की।