अतीत की बुनियाद पर भविष्य की राह संवारेगी सीपीआई(एम)
अतीत की बुनियाद पर भविष्य की राह संवारेगी सीपीआई(एम)
‘सी.पी.आई.(एम.) के गौरवशाली 50 वर्ष व आगे की दिशा’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन’
लखनऊ। माकपा की केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य कॉ. नीलोत्पल बसु ने कहा है कि वर्तमान में भारतीय लोकतंत्र अवसरवादियों व नवउदारवादियों के कुचक्र में फंस चुका है। इससे निकालने के लिए अब सी0पी0आई(एम0) बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी में लगी है। इसके लिए वह अपने स्थापना के संघर्षशील 50 वर्ष के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना तैयार कर रही है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा आज ‘सी.पी.आई.(एम.) के गौरवशाली 50 वर्ष व आगे की दिशा’ विषय पर यहां आयोजित एक संगोष्ठी में बोल रहे थे। गोष्ठी के मुख्य वक्ता नीलोत्पल बसु व कॉ. सुभाषिनी अली थीं।
कॉ. बसु ने कहा कि आज नवउदारवादी शक्तियों के ताकतवर होने की वजह से देश का एक बड़ा हिस्सा नेतृत्वविहीन हो गया है। देश के गरीब, दबे-कुचले, मेहनतकश आदिवासी, मजदूर, किसान, दलित, महिला एवं अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े तमाम लोगों का भारतीय लोकतंत्र में भागीदारी व उनकी लड़ाई समाप्त सी हो गयी है। उनकी इसी भागीदारी को मजबूत करने के लिए अब माकपा एक विकल्पनीति का मंच बनाने की दिशा में प्रयासरत रहेगी।
कॉ. सुभाषिनी अली ने कहा कि 50 वर्ष पहले माकपा का गठन ही भारतीय लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए हुआ था। पार्टी ने अन्य देशों के वामपंथी विचारों से अलग भारतीय परिपे्रक्ष्य पर आधारित संघर्ष की बुनियाद शुरू की थी। उसका प्रभाव भी 1967 के आम चुनाव में साफ देखा गया था। तबसे संघर्षों का लम्बा इतिहास रहा है। इस दौरान कुछ साम्प्रदायिक ताकतों का भारतीय लोकतंत्र में प्रवेश हुआ जो कि दुखद था। इस स्थिति से निपटने के लिए पार्टी ने छोटी पार्टियों से मिलकर लड़ाई शुरू की थी जिसका उसे कुछ नुकसान भी हुआ। छोटी पार्टियां भी सांम्प्रदायिक व पूंजीवादी ताकतों के रास्ते पर चल निकली। इससे सबक लेते हुए अब पार्टी खुद अपनी ताकत को मजबूत कर नवउदारवादी शक्तियों के विरूद्व अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कॉ. आर0एस0 बाजपेयी व संचालन कॉ. प्रदीप शर्मा ने किया। इस अवसर पर लखनऊ जिले में पार्टी की स्थापना व संघर्षों से जुड़े साथियों को सम्मानित भी किया गया।
पार्टी द्वारा जिन्हे सम्मानित किया गया उनमें कॉ. बाबूराव बोरकर, कॉ. निर्मला प्रधान, कॉ. हुबलाल, कॉ. शिव नारायण शुक्ल, कॉ. महमूद अली, कॉ. कहलू, कॉ. सीताराम, कॉ. प्रेम कुमार, कॉ. परमानन्द, कॉ. ईश्वरी देवी, कॉ. रामदुलारे, कॉ. पूरन, कॉ. रघुनाथ व कॉ. देवी दयाल थे। कार्यक्रम में जिले भर से जिला इकाई के साथ विभिन्न ब्रांच कमेटियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।


