अब इशारों पर नहीं नाच रही कठपुतली
अब इशारों पर नहीं नाच रही कठपुतली
संजीव पांडेय
विवाद को ताजा हवा अरूणा राय ने दी है। उन्होंने खुलासा किया है कि प्रधानमन्त्री मनमोहन सिंह नेशनल एडवाइजरी काउंसिल के सलाहों को भी नहीं मान रहे हैं। कई महत्वपूर्ण सिफारिशों को दरकिनार कर दिया। एनएसी सरकार के सामानान्तर एक सरकार है जो सोनिया गाँधी के नियन्त्रण में है। ताजा मामला मनरेगा में न्यूनतम मजदूरी बढ़ोतरी का है। सरकार ने एनएसी की सिफारिशों को नहीं माना। एनएसी ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के लिये सिफारिश की थी। लेकिन सरकार ने उनकी नहीं सुनी। अरूणा राय सरकार के कामकाज से खासी नाराज हैं। अप्रत्यक्ष निशाना मनमोहन सिंह हैं। इसी कारण से एनएसी से इस्तीफा दे दिया है। मनरेगा की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने को लेकर सोनिया गाँधी ने भी मनमोहन को पत्र लिखा था। मनमोहन सिंह ने नहीं माना। यह संकेत है कि रिमोट से कठपुतली निकलने की कवायद में है। काँग्रेस के अन्दर सत्ता का संघर्ष जारी है। कमजोर होते काँग्रेस के लिये यह सत्ता संघर्ष काफी मुश्किलें ला सकता है। कुछ दिन पहले ही यूपीए-2 के चार साल पूरे हुये थे। एक जोरदार जश्न का आयोजन दिल्ली में किया गया। मनमोहन सिंह ने अपनी सरकार की रिपोर्ट कार्ड पेश की। भ्रष्टाचार और घोटालों से लबालब सरकार उपलब्धियाँ बताने में पीछे नहीं रही। लेकिन जश्न के वक्त ही पता चला कि सरकार में सबकुछ ठीक-ठाक नहीं। सत्ता के दो केन्द्रों के बीच जोरदार जंग चल रही है। नहीं तो जश्न के वक्त ही सोनिया गाँधी को सफाई देने की जरूरत नहीं थी। सोनिया गाँधी ने सफाई दी कि मनमोहन सिंह से उनका कोई मतभेद नहीं है। वो पूरी तरह से मनमोहन सिंह के साथ खड़ी है। इसी सफाई ने संकेत दिया कि यूपीए -2 के दो केन्द्रों के बीच गम्भीर संकट है। सोनिया और मनमोहन के बीच मतभेद बढ़े हुये है। बात जब बाहर आयी तो सफाई दी जा रही है।
सोनिया और मनमोहन के बीच मतभेद के संकेत तो काफी समय से मिल रहे हैं। इसका मुख्य कारण मनमोहन सिंह की बढी लालसा है। वो तीसरी बार भी पीएम बनने की जुगत में लग गये हैं। उनके इस जुगत और इच्छा की भनक सोनिया के कुछ समर्थकों को पहले ही लग गयी थी। तभी दिग्विजय सिंह ने सत्ता के दो केन्द्रों पर सवाल उठाया था। लेकिन बीते दिनों मतभेद काफी गहरे हो गये है। दो मन्त्रियों के इस्तीफे के वक्त मतभेद खुलकर सामने आये। मनमोहन सिंह के खास दो मन्त्री अश्विनी कुमार और पवन बंसल के इस्तीफे के लेकर जोरदार ड्रामा हुआ। संकेत दिये गये कि सोनिया भ्रष्टाचार के प्रति कठोर हैं। वे दोनों मन्त्रियों का इस्तीफा चाहती हैं। लेकिन मनमोहन दोनों मन्त्रियों को रखना चाहते हैं। ये सारा कुछ एक योजना के तहत संगठन में सोनिया के लोगों ने प्रचारित किया। ताकि मनमोहन सिंह की तीसरी पर पीएम बनने की इच्छा पर जोरदार चोट की जाये।
इधर पवन बंसल भी प्रधानमन्त्री के आश्वासन से काफी आश्वस्त थे। वो इतने आश्वस्त थे कि सोनिया के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल का फोन तक नहीं उठाया। बताया जाता है कि मनमोहन ने पवन बंसल को कहा था कि उन्हें इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है। इस्तीफा लेने का अधिकार पीएम को है सोनिया गाँधी को नहीं। अहमद पटेल ने कई बार फोन किया। लेकिन बंसल ने फोन नहीं लिया। हालाँकि अश्विनी कुमार से इतनी नाराजगी सोनिया की नहीं थी। लेकिन मनमोहन सिंह की लॉबी में शामिल होना उन्हें महँगा पड़ा। लेकिन कोलगेट घोटाले में सर्वोच्च न्यायालय के सख्त रवैये के बहाने सोनिया ने मनमोहन सिंह की इच्छा पर चोट करने की योजना बनायी। उन्होंने अश्विनी कुमार की भी बलि ले ली।
सोनिया की परेशानी इस समय मनमोहन का बड़ा गुट है। ये गुट पंजाब लॉबी है। इस लॉबी को बहुत चालाकी से मनमोहन सिंह ने खड़ा किया। काफी तरीके से मनमोहन सिंह ने अंबिका सोनी को अपने पक्ष में किया। अश्विनी कुमार और पवन बंसल के बढ़े कद के पीछे भी मनमोहन ही थे। सोनिया ने काफी मुश्किल से अंबिका सोनी की छुट्टी मन्त्रिमण्डल से करवायी। लेकिन मनमोहन सिंह के गुट के दूसरे नेताओं पर भी उनकी नजर थी। पवन बंसल लगातार मजबूत हो रहे थे। पहले उनके पास वित्त मन्त्रालय था। बाद में संसदीय कार्य मन्त्रालय में उन्हें जगह मिली थी। इसके बाद रेल मन्त्रालय उन्हें मिला। पर काँग्रेस को इस बात की नाराजगी थी पार्टी फण्ड में उन्होंने कुछ नहीं दिया था। उपर से मनमोहन सिंह गुट के
महत्वपूर्ण सिपाही बन बैठे थे।
सोनिया गाँधी को मनमोहन की ताजी इच्छा ने उन्हें परेशान कर दिया है। इस बीच मनमोहन सिंह इस पूरी स्थिति का फायदा उठाने में लगे हैं। मनमोहन सिंह अपनी तीसरी पारी की इच्छा रखते हुये कुछ अहम् सुधार चाहते है। इसमें सीबीआई की स्वायतता सम्बंधी सुधार है। लेकिन सोनिया उनके इस पहल से नाराज है। सोनिया के दबाव में ही सीबीआई की स्वायतता को लेकर बनाए गये ग्रुप ऑफ मिनिस्टर में प्रमुख के तौर पर पी चिंदबरम को रखा गया है। ताकि सीबीआई की स्वायतता के मसले को टाला जा सके। सीबीआई की स्वायतता भविष्य में सोनिया की मुश्किलें बढ़ायेगी। इस सच्चाई को सोनिया गाँधी समझती है।
मनमोहन की इच्छा शक्ति को समर्थन राष्ट्रपति भवन से भी मिल रहा है। काँग्रेस से बाहर होने के बाद भी प्रणव मुखर्जी का खास लोग काँग्रेस में सक्रिय हैं। प्रणव मुखर्जी इस बात को नहीं भूले हैं कि सोनिया गाँधी ने उन्हें प्रधानमन्त्री पद पर पहुँचने से रोका। और तो और कई बार नीचा दिखाने के लिये उनके मन्त्रालय में बार-बार बदलाव किया गया पहले रक्षा मन्त्रालय उन्हें दिया गया। जब वे रक्षा मन्त्रालय में जम गये तो विदेश मन्त्रालय में भेज दिया गया। वहाँ फिर जब वो जमने लगे तो वित्त मन्त्रालय में भेज दिया गया। सोनिया के इशारे पर पी चिंदबरम ने प्रणव मुखर्जी को परेशान करने की पूरी रचना रची। उनके कार्यालय में टेपिंग के उपकरण लगा दिये गये थे। प्रणव मुखर्जी को इस बात की जानकारी है कि सोनिया ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार उन्हें मजबूरी में बनाया। सोनिया की वास्तविक पसन्द उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी थे। लेकिन अन्तिम समय में यूपीए गठबंधन में शामिल कुछ लोग दल और एनडीए की योजना में सोनिया फँस गयीं। सोनिया को मजबूरी में प्रणव मुखर्जी को उम्मीदवार बनाना पड़ा। सोनिया को इस समय प्रणव मुखर्जी का भय भी सता रहा है।
सोनिया गाँधी की चिंता अपने सिपाहियों को लेकर भी है। सोनिया को लड़ने के लिये योग्य सिपाही अब नहीं मिल रहे हैं। सोनिया के सिपाही उन्हें मजबूत करने के बजाये विवादित ब्यान देकर सोनिया को फंसाते है इससे सोनिया गाँधी की स्थिति कमजोर होती है। उधर मनमोहन सिंह चुप रहते हुये अपना सारा काम करते हैं। दिग्विजय सिंह लगातार विवादित ब्यान देकर यह साबित करना चाहते है कि दस जनपथ के सबसे बड़े हितैषी वही है। लेकिन सोनिया के कुछ खास नजदीकी लोग दिग्गी राजा पर भरोसा नहीं करने की सलाह सोनिया गाँधी को देते है। दिग्विजय सिंह विरोधी गुट साफ तौर पर कहता है कि काँग्रेस को राज परिवारों ने धोखा दिया। इस तरह की बातें करने में जनार्दन द्विवेदी और अहमद पटेल जैसे लोग शामिल हैं। उधर जनार्दन द्विवेदी पर भरोसा नहीं करने की सलाह भी काँग्रेस की एक लॉबी देती है। उनका कहना है कि द्विवेदी समाजवादी हैं और काँग्रेस को अन्दर बैठकर नुकसान करते हैं। उन्होंने कई समाजवादियों को काँग्रेस के अन्दर फिट किया है। उन्हें अच्छी जगहों पर बिठा अपना गुट बना रहे हैं। इसमें मोहनप्रकाश जैसे लोग शामिल हैं। ये समाजवादी दिल से नेहरू गाँधी परिवार के साथ नहीं हो सकते हैं। उधर काँग्रेस की एक लॉबी इस बात का प्रचार करने से बाज नहीं आती कि देशी रियासतों के प्रति इंदिरा गाँधी के स्टैण्ड के कारण आजतक देश के अधिकतर राजघराने नेहरू गाँधी परिवार से नाराज है। इन राजघरानों के प्रतिनिधि रहते तो काँग्रेस में हैं लेकिन वे मौका मिलते ही काँग्रेस को चोट पहुँचाने से बाज नहीं आते हैं। इसका प्रमुख उदाहरण पूर्व प्रधानमन्त्री स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह थे। उन्होंने मौके पर काँग्रेस को इस तरह से रगड़ा कि काँग्रेस आज तक अपने पैर पर खड़ा होने योग्य नहीं रही। बैसाखी पर ही काँग्रेस 1991 से चल रही है। स्वर्गीय अर्जुन सिंह भी कई बार मन्त्रिमण्डल में बैठे-बैठे अपना खेल करते रहे। उनकी कई कार्रवाइयों से यूपीए-1 की सरकार की मुश्किलें बढ़ी थीं।


