नई दिल्ली। ईरान के रक्षामंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने कहा है कि ईरान, अमरीका और ज़ायोनियों की हर प्रकार की दुष्टता का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने शनिवार को अमरीका के रक्षामंत्री और ज़ायोनी शासन के युद्धमंत्री के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं, अपनी प्रतिरक्षा रणनीति के आधार पर अमरीका और ज़ायोनियों की दुष्टता का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी प्रतिरक्षा रणनीति के आधार पर तथा ख़तरों और प्रतिरोधकर्ता गुटों के समर्थन के दृष्टिगत अपनी रक्षा क्षमता में वृद्धि कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं अमरीका और ज़ायोनी शासन की दुष्टता का मुंहतोड़ उत्तर देने के लिए तैयार थीं और रहेंगी।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की खबरों के मुताबिक ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने कहा कि पूरी दुनिया पर अमरीका और इस्राईल की आक्रमणकारी, जनसंहारक और अपराधिक छवि स्पष्ट हो चुकी है और पुरी दुनिया के लोग इन दोनों शासनों को युद्धोन्मादी, आक्रमणकारी, ख़ूंखार और मानवाधिकार विरोधी समझते हैं।
ईरानी रक्षामंत्री ने अतिग्रहणकारियों के मुक़ाबले में लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन तथा फ़िलिस्तीन के हमास आंदोलन के प्रतिरोध की ओर संकेत करते हुए कहा कि सोमालिया, लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन व फ़िलिस्तीन के हमास आंदोलन जैसे छोटे राष्ट्रों व गुटों ने बहुत ही कम संभावनाओं के साथ अमरीका, इस्राईल और उसके घटकों को पराजय और अपमान का स्वाद चखाया है।
ब्रिगेडियर जनरल हुसैन दहक़ान ने कहा कि शक्तिशाली ईरानी राष्ट्र भी अमरीका और अवैध शासन इस्राईल की इन धमकियों को उनकी कमज़ोरी और उनकी अक्षमता का परिणाम मानता है और अतिक्रमणकारियों को अविस्मरणीय पाठ सिखाने को पूरी तरह से तैयार है।