कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को बताया अस्वस्थ मानसिकता से ग्रस्त

झूठी बातें कर जनता को गुमराह कर रहे हैं मोदी

गुजरात विधानसभा चुनाव जैसे- जैसे नजदीक आ रहा है। आरोप प्रत्यारोप का दौर भी बढ़ता जा रहा है। सोमवार को गुजरात पहुंचे नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक कई रैलियां कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया था। इस दौरान मोदी ने राहुल से लेकर पंडित जवाहर लाल नेहरू पर जबरदस्त हमला बोला था, जिससे तिलमिलाई कांग्रेस ने अब पीएम मोदी को अस्वस्थ मानसिकता से ग्रस्त करार दिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि देश के पहले पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू ने गुजरात के लिए कुछ भी नहीं किया था। उन्होंने पीएम के इस बयान को झूठा और गैर जिम्मेदाराना बताया है।

कांग्रेस ने कहा कि यह गलत और सच्चाई से बहुत दूर है। हम इसकी निंदा करते हैं।

पीएम मोदी की आलोचना करते हुए शर्मा ने कहा कि. प्रधानमंत्री अस्वस्थ मानसिकता से ग्रस्त हैं, जो एक राष्ट्रीय चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि पीएम मानते हैं कि उनके आने से पहले देश और गुजरात में कुछ हुआ ही नहीं। अगर कोई व्यक्ति यह कहे कि संसार मुझसे पहले नहीं बना, मेरे आने से पहले भारत की कोई पहचान नहीं थी तो यह अस्वस्थ मानसिकता है।

शर्मा ने कहा कि अगर मोदी को लगता है कि उनके आने से पहले कुछ नहीं हुआ तो हम उन्हें सच बताएंगे।

बीजेपी पर हमला बोलते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को मिल रहे समर्थन से बीजेपी घबरा गई है। और इसीलिए पीएम मोदी इस तरह की झूठी बातें कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन गुजरात की जनता सच जानती है और वो उन्हें सबक सिखाएगी।