आआप पार्षद पूजा जाखड़ के आवेदन में कमियां, भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव रद करने की मांग की
आआप पार्षद पूजा जाखड़ के आवेदन में कमियां, भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव रद करने की मांग की
नई दिल्ली, 20 मई। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के चिराग दिल्ली वार्ड से मात्र 73 वोट से हारने वाली भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा सूरज चौहान ने जिला न्यायालय में याचिका दाखिल कर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार पूजा जाखड़ के नामांकन पत्र को चुनौती दी है। उन्होंने न्यायमूर्ति से मांग की है कि नामांकन पत्र में त्रुटियां हैं और ऐसे तथ्य हैं जिससे विजयी पूजा जाखड़ के अनैतिक उद्देश्य, जनता से कई महत्तवपूर्ण जानकारियों को छिपाने अथवा भ्रामक तरीके से बताने के साक्ष्य मिलते हैं।
याचिका में इस सीट पर चुनाव रद्द कर, रनरअप को विजयी घोषित करने की मांग की गई है।
याचिका पर जिला न्यायाधीश आशा मेनन ने चुनाव आयोग, रिटर्निंग ऑफिसर व सभी प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर तलब किया है।
प्रतिभा चौहान के अधिवक्ता असीम मेहरोत्रा ने बताया कि चिराग दिल्ली वार्ड से चुनाव लड़ी आम आदमी पार्टी की पूजा जाखड़ के नामांकन फार्म में कानून की दृटि से आपराधिक त्रुटियां हैं। रिटर्निंग अधिकारी को इस पर ध्यान देते हुए उनका नामांकन पहले ही रद्द करना चाहिए था लेकिन उन्होने पूजा जा खड़ की त्रुटियों को नजरअंदाज कर दिया।
उन्होंने बताया कि पूजा के स्टैंप पेपर को खरीदने उस पर नोटरी अधिकारी के हस्ताक्षर और उनके हस्ताक्षर को लेकर त्रुटि है जो कानून के आधार पर गैरकानूनी है। इतना ही नहीं रिटर्निंग अधिकारी ने भी न जाने किस प्रभाव में चूक की है और उन्होंने शपथ पत्र को नामांकन की आखिरी तारीख के बाद भी स्वीकार कर लिया।
भाजपा प्रत्याशी ने याचिका में बताया है कि शपथ पत्र को चार अप्रैल को खरीदा गया है जबकि नामांकन की आखिरी तारीख तीन अप्रैल थी। पूजा जाखड़ के फॉर्म-22 में भी कमी थी इसलिए रिटर्निंग अधिकारी को उसका फार्म भारिज करना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके अलावा भी ऐसे भी फार्म सामने आए हैं जिसमें उम्मीदवार ने उस पार्टी का भी जिक्र नहीं किया है जिससे वह चुनाव लड़ रही है और रिटर्निंग अधिकारी ने उसे भी स्वीकार कर लिया।
याचिकाकर्ता ने आप प्रत्याशी व अन्य उम्मीदवारों के फार्म की भामियों को आधार मानते हुए चुनाव रद्द करने की मांग की है।
न्यायमूर्ति आशा मेनन ने याचिका पर सभी पक्षों को तलब करते हुए अगली सुनवाई पांच जून मुकर्रर की है।


