आईजी अमिताभ ठाकुर को मुलायम की धमकी का आडियो टेप हुआ वायरल
आईजी अमिताभ ठाकुर को मुलायम की धमकी का आडियो टेप हुआ वायरल
आईजी अमिताभ ठाकुर को मुलायम की धमकी !
नई दिल्ली। नौकरी में कम और एक्टिविज्म में ज्यादा रुचि लेने को लेकर विवादों में रहने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के सिविल डिफेंस के आईजी अमिताभ ठाकुर एक बार फिर चर्चा में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर ने शुक्रवार को लखनऊ में एक ऑडियो टेप जारी किया है जिसमें अमिताभ ठाकुर की समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह से बातचीत हो रही है। यह टेप सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। टेप में मुलायम सिंह अफसर को सुधर जाने की हिदायत देते हुए सुनाई दे रहे हैं। साथ ही फिरोजाबाद के सपा नेता व मुलायम सिंह यादव के नजदीकी रिश्तेदार रामवीर के यहां हुई किसी दावत के बारे में बात कर रहे हैं। फोन पर अफसर से उनकी लगभग 2 मिनट बात हुई जिसमें अंत में उन्होंने अफसर को सुधर जाने की हिदायत देते हुए फोन काट दिया। हालांकि इस ऑडियो टेप की अभी पुष्टि नहीं की जा सकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक दिन पहले गुरुवार को ही पुलिस अफसर अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति और राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा जरीना उस्मानी पर झूठे रेप केस में फंसाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
अमिताभ ठाकुर पर आरोप लगते रहे हैं कि वे नौकरी में कम दिलचस्पी लेकर नेता विरोधी दल की तरह काम करते हैं। सोशल मीडिया पर ठाकुर दम्पति को पीआईएल माफिया कहकर भी पुकारा जाता रहा है।


