Aaj Ki Taza Khabar: आज की टॉप टेन न्यूज़ क्या है? | today's top 10 news

आज सुबह की टॉप 10 खबरें | Top 10 news of this morning | आज की दस बड़ी खबरें | आज की अन्य बड़ी खबरें

5वां हेलि‍कॉप्टर और लघु विमान शिखर सम्मेलन कल 25 जुलाई, 2023 को मध्य प्रदेश के खजुराहो में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, मध्य प्रदेश सरकार, पवन हंस लिमिटेड और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय ‘‘अंतिम मील तक पहुंचना: हेलि‍कॉप्टर और छोटे विमानों के माध्यम से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी’’ है।

भाकपा (माले) ने आजादी के योद्धाओं द्वारा वाराणसी के राजघाट में स्थापित दशकों पुराने अखिल भारतीय सर्व सेवा संघ के परिसर को शनिवार को खाली करा लेने और उस पर बुल्डोजर चलाने की चल रही कार्रवाई को दुःखद बताया है। पार्टी ने इसका विरोध करने वाले पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की निंदा की है और उनकी रिहाई की मांग की है।

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के अनेक भागों में तेज वर्षा के कारण बाढ़ जैसी स्थिति की कल समीक्षा की। एक ट्वीट में श्री शाह ने कहा कि उन्‍होंने गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र पटेल के साथ वहां के जमीनी हालात का व्‍यापक तौर पर जायजा लिया। गृहमंत्री ने दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल वी के सक्‍सेना के साथ भी यमुना नदी के जलस्‍तर के बारे में चर्चा की।

असंगठित मजदूरों के साझा मंच ने मांग की है कि ई श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों के स्वास्थ्य सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड बनाया जाना चाहिए, उनका बीमा होना चाहिए, उनके बच्चों को आरटीई एक्ट के तहत मुफ्त शिक्षा का इंतजाम होना चाहिए, लड़कियों की शादी के लिए अनुदान मिलना चाहिए और उन्हें आवास व पेंशन की सुविधा दी जानी चाहिए।

भारत व्‍यापार संवर्धन संगठन के पुनर्विकसित परिसर का आगामी 26 जुलाई को उद्घाटन किया जाएगा। यह परिसर जी-20 नेताओं की बैठकों की मेजबानी करेगा।

भारतीय मौसम विभाग ने कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र और गुजरात में छिटपुट बूंदाबादी से लेकर भारी बारिश और 25 जुलाई से उत्तर पश्चिम भारत में बारिश में तेजी संभावना व्‍यक्‍त की है।

कांग्रेस ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को बर्खास्त करने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा है कि जब तक एन. बीरेन सिंह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहेंगे, तब तक राज्य में न्याय या शांति की दिशा में कोई प्रगति नहीं हो सकती।

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में 4 मई को दो महिलाओं को निर्वस्‍त्र घुमाने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब जातीय हिंसा का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक काकचिंग जिले में हथियारबंद उपद्रवियों ने एक स्‍वतंत्रता सेनानी की 80 साल की विधवा को उसके घर में बंद कर जिंदा जला दिया।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान को पार कर 205.90 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से करीब 57 सेंटीमीटर अधिक है।

न्यायमूर्ति आलोक अराधे ने रविवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।

एशियाई चैम्पियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद रियान अर्दियांतो को कोरिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्‍स फाइनल में हरा दिया है। येओसू में खेले गये फाइनल में उन्होंने इंडोनेशियाई जोड़ी 17-21, 21-13, 21-14 से मात दी और खिताब पर कब्‍जा कर लिया।

बांग्लादेश में एक बस के सड़क किनारे तालाब में गिर जाने से 17 लोगों के मारे जाने और 35 लोगों के घायल होने का समाचार है। मृतकों में पांच महिलाएं और सात बच्‍चे हैं।

नाडा के पूर्वी प्रांत नोवा स्कोटिया में भीषण बाढ़ से निपटने के लिए आपातकाल स्थिति घोषित कर दी गई है।

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी