Today's big news 26 September 2023. Aaj Ki Taza Khabar: आज की टॉप टेन न्यूज़ क्या है? | today's top 10 news.

आज सुबह की टॉप 10 खबरें | Top 10 news of this morning | आज की दस बड़ी खबरें | आज की अन्य बड़ी खबरें

News of the Day | News Bulletin

30 सितंबर को मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की जनसभा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आगामी 30 सितंबर को मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने कल यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद गांधी कालापीपल शहर में सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। बता दें मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत तक होंगे। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले यह राहुल गांधी का पहला बड़ा कार्यक्रम होगा।

वहीदा रहमान को दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

भारत सरकार ने वरिष्ठ अभिनेत्री वहीदा रहमान को भारतीय सिनेमा में उनके 'उत्कृष्ट योगदान' के लिए इस साल प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट X पर पोस्ट करके यह जानकारी दी।

पीएम मोदी की 'अर्बन नक्सल' टिप्पणी पर तृणमूल सांसद साकेत गोखले ने गृह मंत्रालय से ब्योरा मांगा

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 'अर्बन नक्सलियों' को आउटसोर्स कर रही है।

अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, चुनाव में हेरा-फेरी कर भाजपा सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा चुनाव में हेरा-फेरी कर सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है। इन्होंने संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया है। इनका एजेंडा सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग करना है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने षड़यंत्र कर समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट कटवाए।

राष्‍ट्रपति भारत स्‍मार्ट सिटी पुरस्‍कार प्रतियोगिता 2022 के विजेताओं को पुरस्‍कृत करेंगी

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्‍य प्रदेश के इन्‍दौर में भारत स्‍मार्ट सिटी पुरस्‍कार प्रतियोगिता 2022 के विजेताओं को आज पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। ये पुरस्‍कार भारत स्‍मार्ट सिटी सम्‍मेलन के दौरान दिये जायेंगे। दो दिन के इस सम्‍मेलन का आयोजन आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय कर रहा है।

पंजाब के पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

पंजाब की एक अदालत ने कल राज्य के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता मनप्रीत बादल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। वो बठिंडा में एक संपत्ति की खरीद में अनियमितताओं के आरोप का सामना कर रहे हैं।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया

विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने यूएन महासभा के 78वें सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा है कि एक ऐसे दौर में जब दुनिया अभूतपूर्व उथल-पुथल के दौर से गुज़र रही है, पूर्वी और पश्चिमी जगत के बीच ध्रुवीकरण बढ़ता जा रहा है, और वैश्विक उत्तर व वैश्विक दक्षिण के बीच की दरार गहरी हो रही है, मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए कूटनीति व संवाद ही कारगर समाधान हैं।

विदेश मंत्री ने उच्च स्तरीय जनरल डिबेट को अपना सम्बोधन नमस्ते के साथ आरम्भ करते हुए कहा कि ढाँचागत विषमताओं और असमान विकास के कारण वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) के देशों पर बोझ बढ़ा है,. वैश्विक महामारी कोविड-19 और हिंसक टकरावों से उपजे हालात, तनावों और विवादों से यह और पैना हुआ है। इसके परिणामस्वरूप, हाल के समय में दर्ज की प्रगति को धक्का पहुँचा है, टिकाऊ विकास के लिए संसाधन जुटाने में गम्भीर चुनौतियाँ उत्पन्न हुई हैं, और अनेक देशों के लिए गुज़ारा कर पाना कठिन हो रहा है।

WHO का स्कूलों में धूम्रपान और 'वेपिंग' पर प्रतिबन्ध लगाने का आग्रह

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने धूम्रपान और 'वेपिंग' पर प्रतिबन्ध लगाने का आहवान करते हुए चेतावनी दी है कि युवजन को "निर्दयता" से तम्बाकू व निकोटीन उत्पादों का निशाना बनाया जा रहा है, "चाहे फिर वो कक्षा के भीतर हों, बाहर खेल रहे हों या स्कूल बस के इन्तज़ार में खड़े हों।"

संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, तम्बाकू उद्योग के इस दृष्टिकोण के कारण ई-सिगरेट का प्रयोग बढ़ता जा रहा है. 10 में से नौ जन, 18 साल की उम्र से पहले धूम्रपान करना शुरू कर देते हैं - और कई तो 11 साल की छोटी उम्र में ही इस लत की चपेट में आ जाते हैं।

डब्ल्यूएचओ ने कहा, "चूँकि बच्चे अपने दिन का लगभग एक-तिहाई समय स्कूल में बिताते हैं, यहीं पर उन्हें साथियों के दबाव का सामना भी करना पड़ता है इसलिए स्कूलों की भूमिका इसमें काफ़ी महत्वपूर्ण हो जाती है।"

उन्होंने कहा कि स्कूल "बच्चों द्वारा धूम्रपान और तम्बाकू व निकोटीन के उपयोग की गम्भीर समस्या से निपटने के लिए एक विशिष्ट महत्वपूर्ण स्थिति में हैं।"

परमाणु शस्त्र समाप्ति से ही ख़त्म होगा परमाणु जोखिम, गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि भूराजनैतिक अविश्वास और प्रतिस्पर्धा ने, परमाणु जोखिम, शीत युद्ध के समय के स्तरों पर पहुँचा दिया है, ऐसे में परमाणु शस्त्रों का सम्पूर्ण उन्मूलन ही, एक शान्तिपूर्ण भविष्य की दिशा में, एक मात्र रास्ता है।

यूएन महासचिव ने, यह बात, परमाणु हथियारों के सम्पूर्ण उन्मूलन के अन्तरराष्ट्रीय दिवस पर कही है। यह दिवस हर वर्ष 26 सितम्बर को मनाया जाता है।

उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि परमाणु शस्त्रों के प्रयोग, प्रसार और परीक्षण को रोकने के लिए, अनेक दशकों के दौरान हासिल की गई प्रगति को व्यर्थ बनाया जा रहा है। उन्होंने परमाणु निरस्त्रीकरण और अप्रसार की एक ख़ूब मज़बूत व्यवस्था का आहवान किया है।



हांगचोओ में एशियाई खेलों में भारत ने एक और स्वर्ण पदक जीता

चीन के हांगचोओ में 19वें एशियाई खेलों में कल भारत ने तीसरा स्‍वर्ण पदक जीता। घुड़सवारी की ड्रे‍सेज टीम स्‍पर्धा में सुदीप्ति हजेला, दिव्याकृति सिंह, हृदय छेदा और अनुष अग्रवाल की चौकड़ी ने पहला स्‍थान हासिल किया।