Aaj Ki Taza Khabar: आज की टॉप टेन न्यूज़ क्या है? | today's top 10 news

आज सुबह की टॉप 10 खबरें | Top 10 news of this morning | आज की दस बड़ी खबरें | आज की अन्य बड़ी खबरें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि शिक्षा में देश को सफल बनाने और देश की किस्मत बदलने की ताकत है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत को बदलने में शिक्षा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री मोदी कल दिल्‍ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने कल मणिपुर का दौरा किया और तीन महीने बाद भी शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में विफल रहने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी आलोचना की। 21 संसद सदस्‍यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां आए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री को सभी समुदायों को शामिल करके शांति बहाल करने के लिए मणिपुर में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना चाहिए था। उन्होंने कहा, "वह (प्रधानमंत्री) न केवल मणिपुर का दौरा करने से बच रहे हैं बल्कि मणिपुर मुद्दे पर संसद में बयान देने की सभी विपक्षी दलों की लगातार मांग को भी खारिज कर रहे हैं।"

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमन्त्री कार्यालय (पीएमओ), कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, जो स्वयं ही एक राष्ट्रीय स्तर पर जाने-माने चिकित्सक और मधुमेह विशेषज्ञ भी हैं, ने कल नई दिल्ली में कहा कि टाइप 2 मधुमेह (डायबिटीज मेलिटस) और कई अन्य जीवनशैली संबंधी विकारों को नियंत्रित करने के साथ-साथ स्तन कैंसर सहित कई प्रकार के कैंसर को ठीक करने के लिए उनका शीघ्र पता लगाना महत्वपूर्ण है। श्री सिंह ने कहा कि शीघ्र निदान और देश में उपलब्ध सफल उपचारों तक आसान पहुंच होने के साथ भारत प्रारंभिक चरण में ही स्तन कैंसर पर विजय पा सकता है।

अरूणाचल प्रदेश के सियांग क्षेत्र में पासीघाट और पैं‍गिन के बीच राजमार्ग सहित कई जगहों पर चट्टानों के खिसकने के साथ भूस्‍खलन की खबरें हैं। कल से ही इस मार्ग पर संपर्क बाधित है। सियांग जिला प्रशासन ने पासीघाट-पैंगिन राजमार्ग पर यातायात न करने का परामर्श जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वी सियांग जिले और दिबांग घाटी के लिए आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

चीन के चेंग्दू में विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स के पहले दिन भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीते। भारत के 227 सदस्यीय दल का नेतृत्व स्टार बाधा दौड़ खिलाड़ी ज्योति याराजी और ओलंपियन निशानेबाज मनु भाकर कर रही हैं। भारत अब तक तीन स्वर्ण और एक कांस्य सहित चार पदक जीत चुका है और पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 103वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा।

कल पूरे देश में धार्मिक आस्‍था और श्रद्धा के साथ आशूरा-ए-मुहर्रम मनाया गया। यह दिन पैगम्‍बर मोहम्‍मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों के बलिदान दिवस को चिह्नित करता है, जिन्होंने कर्बला में सत्‍य, धर्म और न्‍याय को कायम रखने के लिए अपना बलिदान दिया। इस दिन ताजिया जुलूस निकाला जाता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्व, उत्तर-पूर्व और पूर्वी मध्य भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया है। पूर्वानुमान में मौसम एजेंसी ने जताया है कि उत्तर पश्चिम भारत में दो अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना भी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कल पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इसमें चुनाव वाले राज्यों छत्तीसगढ़ और राजस्थान से दो पूर्व मुख्यमंत्रियों- रमन सिंह और वसुंधरा राजे को उपाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया।

तमिलनाडु के कृष्णागिरि जिले में कल एक पटाखा गोदाम में विस्फोट के बाद नौ लोगों की मौत होने, जबकि ग्यारह अन्य के घायल होने की खबर है। विस्फोट में गोदाम के मालिक समेत उनकी पत्‍नी और दो बच्चों की भी मौत हो गई है।

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी