विरोधियों को लखनऊ से दिल्ली तक जायदाद का हिसाब देना होगा- आजम खान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नई सरकार आजम खान के पीछे पड़ गई है। कथित वक्फ घोटाले में घिरने के बाद सरकार ने अब उन पर नई गाज गिराने की तैयारी कर ली है।

योगी की टीम आजम खान के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्याल की लीज खत्म कर सकती है।

जैसे ही सपा के कद्दावर नेता आजम खान को योगी की इस योजना की भनक लगी तो, वो सरकार पर भड़क उठे।

आजम ने सरकार को धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी ने यूनिवर्सिटी पर कब्जा जमाने की कोशिश की तो, यूनिवर्सिटी को डायनामाइट से उड़ा दिया जाएगा।

आजम ने कहा कि हमने कोई काम गैरकानूनी नहीं किया है, सरकार की पॉलिसी के तहत इस विश्वविद्यालय का निर्माण किया गया था। अगर मेरी लीज खारिज की गई तो देश में किसी के पास एक इंच जमीन की लीज नहीं रहने दूंगा।

आजम का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उन्होंने बीजेपी पर आरोपों की बौछार शुरू कर दी।

आजम ने कहा कि हमारे पीछे कुछ मंत्री और नेताओं को लगाया गया है, लेकिन इन्हें भी वक्फ की जमीनें नहीं बेचने दी जाएंगी।

इशारों-इशारों में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पर हमला बोलते हुए आजम ने कहा कि विरोधियों को लखनऊ से दिल्ली तक जायदाद का हिसाब देना होगा।