योगी की कानून व्यवस्था फेल है प्रदेश अपराधियों के हाथ में है - अमित अम्बेडकर

लखनऊ 11 अप्रैल 2017, न्याय मंच ने उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी के क्षेत्र गोरखपुर में व्यापारी की बेरहमी से कार में जलाकर हत्या किये जाने की घटना की निन्दा करते हुए कहा कि गोरखपुर में व्यापारी की निर्मम हत्या को सूबे की पुलिस आत्महत्या बताकर लीपापोती कर रही है, उससे साबित होता है कि योगी की सरकार कानून व्यवस्था के मामले में फेल है।

न्याय मंच अध्यक्ष अमित अम्बेडकर ने कहा की योगी के सीएम बनने के 20 दिन में ही 125 बलात्कार, 50 हत्या, 4 पुलिसकर्मियों की हत्या, अनगिनत लूट मानो प्रदेश में अपराध की बाढ़ और अपराधियो की चांदी आ गई है। कल तक पानी पी-पी कर गला फाड़-फाड़ कर कह रहे थे कि अपराध और गुण्डा़मुक्त प्रदेश बनायेगे।

मंच ने टिप्पणी करते हुए कहा की आज प्रदेश को हिन्दुत्ववादी संगठन के लम्पट गुण्डे, माफिया समानान्तर सरकार चला रहे हैं, दरअसल संघ के हिन्दू राष्ट्र की यही सच्ची तस्वीर है।

न्याय मंच के महासचिव मो. शकील कुरैशी ने कहा कि योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही प्रदेश में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के ऊपर हमले बढ़ गये है। सूबे में अपराधी गुण्डे अब कानून व्यवस्था चलाने वाले पुलिसकर्मियों को भी नही छोड़ रहे हैं। दलित,पिछड़े, मुसलमान मारे ही जा रहे हैं अब तो आगरा, प्रतापगढ़ और फिरोजाबाद में पुलिसकर्मियों की हुई हत्या ने साबित कर दिया कि योगी की कानून व्यवस्था फेल है प्रदेश अपराधियों के हाथ में है।