उत्तर प्रदेश में सपा और भाजपा ने कराए 400 दंगे : नसीमुद्दीन सिद्दीकी
उत्तर प्रदेश में सपा और भाजपा ने कराए 400 दंगे : नसीमुद्दीन सिद्दीकी
सपा ने मुसलमानों के साथ हमेशा की वादा खिलाफी इसलिए मुसलमान बसपा के साथ
लखनऊ, 14 अक्टूबर : बहुजन समाज पार्टी के महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा है कि भाजपा और सपा ने उत्तर प्रदेश में 400 दंगे कराये हैं।
सपा और भाजपा लाशों के ढेर पर बैठकर राजनीति करती हैं
आज यहां अपने आवास पर एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा लाशों के ढेर पर बैठकर राजनीति करती हैं। दोनों पार्टी पर्दे के पीछे मिलकर सांप्रदायिक धुवीकरण कराकर राजनीति करती आ रहीं है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अब सब कुछ समझ में आ गया है। उत्तर प्रदेश के मुसलमान सांप्रदायिक ताकतों के खात्मे के लिए बहुजन समाज पार्टी के साथ खड़े हैं। सपा के लोग किसी मुस्लिम को मंच पर स्थान नही देते हैं।
मायावती ने आरएसएस का एजेंडा नहीं लागू होने दिया
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा के साथ सरकार बनाने के बाद भी मायावती ने आरएसएस का एजेंडा नहीं लागू होने दिया था।
सपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सपाई अक्सर कहते हैं कि बसपा और भाजपा तीन बार मिलकर सरकार बना चुके हैं। लेकिन, हमने भाजपा के साथ सरकार बना कर आरएसएस के एजेंडे को प्रदेश में लागू नहीं होने दिया, और मायावती ने इसके एवज में मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया।
सपा के सारे वादे खोखले निकले
नसीमुददीन ने कहा कि सपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि वह मुसलमानों को आबादी के हिसाब से आरक्षण देगी और जेल में बंद मुसलमानों को रिहा किया जाएगा। सपा के सारे वादे खोखले निकले। मुसलमानों से किया कोई भी वादा उसने पूरा नहीं किया।
सिद्दीकी ने कहा कि वर्ष 1999 में केंद्र में भाजपा की सरकार को बसपा ने एक वोट से गिराकर सबक सिखाने का काम किया था। इसके अलावा प्रदेश में जब जब बसपा की सरकार बनी है, तब तब भाजपा कमजोर हुई है। लेकिन जब सपा की सरकार बनी, तो भाजपा मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि सपा और मुलायम सिंह यादव भाजपा के सहयोग से ही ताकतवर हुए थे। इसके अनेक प्रमाण हैं।
(देशबन्धु)


