उप्र में मिड डे मील को अक्षयपात्र को देने की हो जांच- आइपीएफ
उप्र में मिड डे मील को अक्षयपात्र को देने की हो जांच- आइपीएफ
बच्चों की जिदंगी से खेल रही अखिलेश सरकार
लखनऊ, 04 सितंबर। आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) ने मिड डे मील को “अक्षयपात्र” को देने की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
आइपीएफ के प्रदेश संगठन महासचिव दिनकर कपूर ने एक बयान में कहा कि लखनऊ में मिड डे मील में अक्षयपात्र संस्था के खाने से 80 से भी ज्यादा बच्चों के बीमार होने के बाद कल जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा संस्था अक्षयपात्र की जांच से यह बात स्पष्ट हो गयी है कि उ0 प्र0 की अखिलेश सरकार बच्चों की जिदंगी के साथ खिलवाड़ कर रही है।
श्री कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं उद्घाटन करके लखनऊ समेत प्रदेश के कई जनपदों में अक्षयपात्र को मिड डे मील में भोजन देने कार्य दिया था। जिसके परिणामस्वरूप मिड डे मील में कार्यरत हजारों रसोईयों की नौकरी चली गयी। आज यह हाल है कि इतनी भीषण गर्मी में अक्षयपात्र द्वारा 10 धण्टे पहले बनी रोटियां और 7 घण्टे पहले बनी सब्जी बच्चों को दी जा रही है। गुणवत्ता के मानकों का कोई भी पालन नहीं हो रहा। यहीं नहीं कई जगह तो खाने में कीड़े तक मिले हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णयों में और खाद्य सुरक्षा कानून में स्पष्ट तौर पर हर बच्चों को विद्यालय में ही गर्म और ताजा खाना बनाकर देने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर कमीशन खोरी के लिए ही मिड डे मील को अक्षयपात्र को दिया गया है, इसकी जांच होनी चाहिए और इस संस्था से काम खत्म कर पुनः मिड डे मील को विद्यालय में रसोईयों से बनवाना चाहिए।


