नई दिल्ली। सोशलिस्ट पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये तीन उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। ओखला से अब्दुल कय्यूम, नई दिल्ली से अनीता उज्जैनवाल और बुराड़ी से डॉ. आरएन सिंह पार्टी के उम्मीदवार होंगे। सोशलिस्ट पार्टी करीब 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अगली सूची जल्दी जारी की जायेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई वैद्य, वरिष्ठ सदस्य जस्टिस राजेंद्र सच्चर, पार्लियामेंटरी बोर्ड के अध्यक्ष पन्नालाल सुराणा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य कुलदीप नैयर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद शोएब, संदीप पांडे और बलवंत सिंह खेड़ा, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रेम सिंह, ओंकार सिंह और नुरुल अमीन, हिंद मजदूर सभा के अध्यक्ष कामरेड हरभजन सिंह सिद्धू, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. ओंकार मित्तल समेत कई समाजवादी नेता और जनांदोलनकारी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष,रेणु गंभीर और प्रवक्ता, दिल्ली प्रदेश राखी गुप्ता ने बताया कि सोशलिस्ट पार्टी बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सरकारी क्षेत्र में रहें; खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश का फैसला हमेशा के लिए रद्द हो; दिल्ली के गांवों, पुनर्वास बस्तियों और झुग्गी-झोंपड़ी बस्तियों में प्राथमिकता के आधार पर नागरिक सुविधाएं प्रदान की जाएं; दिल्ली यूनिवर्सिटी में चार साला बीए प्रोग्राम तुरंत रद्द करके पहले की तीन वर्षीय प्रणाली लाग की जाए; उर्दू और पंजाबी भाषा साहित्य के अध्ययन-अध्यापन की विशेष व्यवस्था की जाए; और समान स्कूल प्रणाली लागू की जाए। दिल्ली राज्य में जस्टिस सच्चर कमेटी की सिफारिशें पूर्णता में लागू की जाएं; 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीडि़तों को और देरी किए बिना पूर्ण न्याय मिले; दिल्ली के निवासियों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को पूर्ण सुरक्षा मिले आदि मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरी है।

नेता द्वय ने बताया कि सोशलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता केवल एक परचा लेकर मतदाताओं के बीच जायेंगे। इस अपील के साथ कि फैसला मतदाताओं के हाथ है: वे नीति आधारित राजनीति करने वाले सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों को जिताना चाहते हैं या देशी-विदेशी धन्नासेठों से करोड़ों-अरबों लेकर उन्हें फायदा पहुँचाने के लिये चुनाव लड़ने वालों को?