देश का सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) विभिन्न सावधि जमा योजनाओं की ब्याज दरों को घटाने जा रहा है।
बैंक की ओर से मीडिया को दी गयी जानकारी के मुताबिक बैंक ने शेयर बाजारों को दी गयी नियमित सूचना में कहा कि उसने एक करोड़ रुपये और उससे अधिक राशि वाली और एक करोड़ रुपये से कम वाली विभिन्न सावधि जमा योजनाओं की ब्याज दरों को घटाने का फैसला किया है, जो 18 फरवरी 2014 से प्रभावी होगा।
ताजा फैसले के तहत एक करोड़ रुपये और उससे अधिक वाली सावधि जमा योजनाओं में 61 दिन से लेकर एक साल से कम अवधि वाली सावधि जमा योजना की ब्याज दर एक नवम्बर 2013 से जारी मौजूदा 7.75 फीसदी वार्षिक से घटाकर 7.00 फीसदी वार्षिक की जायेगी। इस खण्ड में अन्य सावधि जमा योजना की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसी तरह एक करोड़ रुपये से कम राशि वाली सावधि जमा योजनाओं में तीन साल से लेकर पाँच साल से कम अवधि वाली जमा योजना की ब्याज दर को मौजूदा 9.00 फीसदी वार्षिक से घटाकर 8.75 फीसदी वार्षिक किया जायेगा। इसके अलावा पाँच वर्ष और उससे अधिक अवधि वाली योजना की ब्याज दर को मौजूदा 9.00 फीसदी से घटाकर 8.50 फीसदी किया जायेगा। इस खण्ड में अन्य योजनाओं की दरें अपरिवर्तित रहेंगी।
संबावना जताई जा रही है कि अन्य बैंक भी जल्द ही एसबीआई के रास्ते पर चलते हुये ब्याज दर घटा सकते हैं।