एम एम कलबुर्गी के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए - प्रो क़मर जहां
लखनऊ। जानेमाने प्रगतिशील विद्वान, साहित्य एकेडमी पुरस्कार से सम्मानित, पूर्व कुलपति एवं कन्नड़ लेखक एम एम कलबुर्गी की कर्नाटक के धारवाड़ में उनके धर पर आरएसएस से जुड़े बजरंग दल के लोगों द्वारा की गयी हत्या की आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) की प्रदेश अध्यक्ष एवं चर्चित उर्दू लेखिका प्रोफेसर क़मर जहां ने तीखी निंदा करते हुए हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
आज यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि एम एम कुलबर्गी की हत्या अभिव्यक्ति की आजादी पर खुलेआम हमला है और इस बात की ओर इशारा है कि फासीवादी ताकतें तर्क और चिंतन की बात करने वाले व्यक्ति को जीवित देखना नहीं चाहतीं। महाराष्ट्र में नरेंद्र दाभोलकर एवं गोविंद पानसरे के बाद अब कन्नड़ विद्वान की यह हत्या इसी सोच का परिणाम है।
प्रो. क़मर जहां ने आगे कहा कि आरएसएस से जुड़े बजरंग दल, श्रीराम सेना और विश्व हिन्दू परिषद से जुड़े लोग लगातार उनको धमकी दे रहे थे और यदि वहां की कांग्रेस सरकार ने समय रहते इस पर पहल ली होती तो आज कन्नड़ विद्वान कलबुर्गी को बचाया जा सकता था। उन्होंने लेखकों, साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों से आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि प्रगतिशील, तर्कशील व जनवादी ताकतें एकजुट होकर फासीवाद के खिलाफ संघर्ष एवं प्रतिरोध में उतरें।