नामांकन के बाद हुआ रोड शो
डॉ. अम्बेडकर की विरासत को आगे बढ़ाया है दारापुरी ने- अखिलेन्द्र
राबर्ट्सगंज, 21 अप्रैल 2014, आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) के राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी उ0 प्र0 पुलिस के पूर्व आईजी एस. आर. दारापुरी ने आज दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद दारापुरी ने अपने समर्थकों के साथ राबर्ट्सगंज शहर में रोड शो किया। दारापुरी का रोड शो गायत्री लाज कचहरी रोड से प्रारम्भ होकर मुख्य बाजार, शीतला मंदिर चौराहे, कचहरी के सामने से होते हुए पुनः गायत्री लाज पर समाप्त हो गया।

रोड शो के बाद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए आइपीएफ के राष्ट्रीय संयोजक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जहां बसपा से लेकर अठावले और अन्य दलित नेताओं ने दलित हितों के साथ धोखा किया वहीं पूरे उत्तर भारत में दारापुरी ने डॉ. अम्बेडकर की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए दलित आंदोलन को देश के प्रगतिशील आंदोलन के साथ जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज कारपोरेट राजनीति के बरखिलाफ जनराजनीति को खड़ा करना समाज और आम अवाम की जिदंगी को बचाने के लिए बेहद जरूरी है और हमारा यहां चुनाव लड़ने का मकसद भी इतने समृद्ध इलाके की कारपोरेट द्वारा जारी लूट पर रोक लगाकर इसे विकास के पथ पर लाना है। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि इस चुनाव में हमारा समर्थन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के साथ राष्ट्रीय उलेमा कौंसिल समेत तमाम जनवादी दल व नागरिक समाज के लोग कर रहे हैं।

कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रत्याशी एस. आर. दारापुरी ने कहा कि इस इलाके में बदलाव की चाहत है और लोग कारपोरेट के गुलाम भाजपा-कांग्रेस, सपा-बसपा जैसे दलों से ऊब चुके हैं और नयी जनपक्षधर राजनीति के वाहक आइपीएफ के साथ तेजी से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में आइपीएफ संगठन प्रभारी दिनकर कपूर, डा0 गीता शुक्ला, अखिलेश दूबे, राजेश सचान, अजय राय, शम्भूनाथ गौतम, पूर्व प्रधान शिव प्रसाद खरवार, प्रधान रामरति, रामनारायन, सुरेन्द्र पाल, साबिर हुसैन, राजेन्द्र गोड़, रामनारायन, राम मूरत, प्रमोद चैबे, गीता राय, कन्हैया गुप्ता, मणिशंकर पाठक, रमेश खरवार, इेद्रदेव खरवार आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।