एससी/एसटी एक्ट : भारत बंद का आम आदमी पार्टी ने किया समर्थन
एससी/एसटी एक्ट : भारत बंद का आम आदमी पार्टी ने किया समर्थन
मध्यप्रदेश में अजा व अजजा पर सबसे ज्यादा अत्याचार और शिवराज खामोश : आलोक अग्रवाल
भोपाल, 1 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने कल 2 अप्रैल को अनुसूचित जाति और जनजाति के संगठनों द्वारा किए जा रहे भारत बंद का समर्थन करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के इस मामले में दिए गए निर्णय से वे असहमत हैं और इस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में आदिवासियों एवं दलितों पर अत्याचार हो रहा है, तो दूसरी ओर चंद मामलों को आधार पर बनाकर उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानून को कमजोर किया जा रहा है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से पूरे देश में नाराजगी है और कई संगठनों एवं पार्टियों ने 2 अप्रैल को भारत बंद का आयोजन किया है। आम आदमी पार्टी इसका समर्थन करते हुए कल भारत बंद को सफल बनाने के लिए उनका समर्थन करेगी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों एवं दलितों पर हिंसा सबसे ज्यादा है, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसे रोकने में नाकाम है। प्रदेश के थानों में आदिवासियों एवं दलितों की सुनवाई नहीं होती। उन्हें वहां दुत्कार दिया जाता है। यदि एक बार एफआईआर दर्ज हो जाए, तो भी सत्ता के शह पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती। ऐसे में उन पर दबंग लगातार हिंसा करते हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद अब दलितों एवं आदिवासियों के लिए अपराधियों के खिलाफ शिकायत कराना एवं केस करना ज्यादा मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में उनपर और हिंसा बढ़ सकती है।


