कपास किसानों का नागपुर संघ कार्यालय पर धरना, सैकड़ों गिरफ्तार
कपास किसानों का नागपुर संघ कार्यालय पर धरना, सैकड़ों गिरफ्तार
सुनील टालाटुले को गिरफ्तार करे सरकार- अविनाश काकड़े, किसान नेता
किसान नेता अविनाश काकड़े सहित सैकड़ों किसान, महिला किसान की हुई गिरफ्तारी, अज्ञात स्थान पर ले गई पुलिस
इसके पहले किसान मजदूर अधिकार अभियान के तहत 23 फरवरी को दिल्ली स्थित संघ कार्यालय केशव कुंज में दिया था धरना
नागपुर। किसान मजदूर अधिकार अभियान के तत्वाधान में 28 फरवरी 2016 को नागपुर में संघ के पास सैकड़ों किसान ने किसान नेता अविनाश काकड़े के नेतृत्व में धरना एवं प्रदर्शन किया। अविनाश काकड़े एवं प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों किसानों जिनमें महिला किसान भी हैं, नागपुर पुलिस गिरफ्तार कर अज्ञात स्थान पर ले गई। किसान संघ पोषित सुनील टालाटुले के खिलाफ विरोध नारे लगा रहे थे जिनकी मांग थी कि सुनील टालाटुले को तुरंत गिरफ्तार किया जाए एवं किसान को मुआवजा दिया जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील टालाटुले जो संघ के संस्थापक सदस्य स्व. प्रभाकर टालाटुले के पुत्र और कृष्ण जिनिंग प्रोसेसिंग के मालिक हैं, ने 20 हजार क्विंटल कपास मई 2014 से अप्रैल 2015 तक खरीदा जिसका मूल्य 8 करोड़ है, जिसका भुगतान आज तक नहीं किया है।
गिरफ्तारी से पूर्व किसान नेता अविनाश काकड़े ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक किसानों को हक नहीं मिलता तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे, इसके लिए देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जा चुका है। अगर सरकार समय रहते किसानों को हक नहीं दिलाती है तो विधानसभा सत्र शुरू होते ही फिर से धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
अविनाश काकड़े ने कहा है कि आज वर्धा के किसान आत्महत्या को मजबूर हैं। अब तक किसान प्रशासन से कई बार शिकायत कर चुका है लेकिन कहीं कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
गौरतलब है कि किसान मजदूर अधिकार अभियान के किसान नेता अविनाश काकड़े के नेतृत्व में किसानों ने 23 फरवरी को नई दिल्ली स्थित संघ कार्यालय केशव कुंज के बाहर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद किसानों ने केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन भी दिया लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। वर्धा के किसान पहले ही सूखे की चपेट झेल रहे हैं और अब आत्महत्या को मजबूर हैं।
यह जानकारी देते हुए किसान नेता मानवेंद्र ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पोषित कपास किसानों के लुटेरे सुनील टालाटुले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सैकड़ो किसानों सहित किसान नेता अविनाश काकड़े को नागपुर पुलिस गिरफ़्तार कर अज्ञात स्थान पर ले गयी है। भ्रष्टाचार समर्थक संघ का नाश हो।


