नई दिल्ली, 1 जून। दिल्ली विधानसभा के भीतर आप विधायकों द्वारा हाथापाई, मारपीट के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा आज सुबह राजघाट पहुंचे और यहां उन्होंने कहा कि हम अहिंसा की राह पर चल रहे हैं।

मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुझ पर ही हमला नहीं हुआ, उन राहुल शर्मा पर भी हमला किया गया है, जिन्होंने लोक निर्माण विभाग के मामले में अरविंद केजरीवाल के साढ़ू पर भ्रष्टाचार के मामले को उठाया था। राहुल पर ग्रेटर नोएडा में गोली चलाई गई, लेकिन गनीमत रही कि गोली फंस गई और नहीं चली जिससे उनकी जान बच गई।

कपिल मिश्रा ने फिर ट्वीट कर कहा कि केजरीवाल के रिश्तेदार बंसल के घोटाले उजागर करने वाले राहुल शर्मा पर गोलीबारी, भगवान दयालु है, वह बच गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी अरविंद केजरीवाल या उनके रिश्तेदारों के खिलाफ बोल रहा है, उसे डराने, धमकाने, मारने की कोशिश की जा रही है। इसीलिए आज मैं महात्मा गांधी की समाधि पर आया हूं, हम बापू से शक्ति और ऊर्जा लेते हैं, लेकिन अरविंद केजरीवाल इस गलतफहमी में न रहें, हमने भगत सिंह को भी पढ़ा है।

उधर आप विधायकों ने कपिल पर तंज कसा है कि कपिल मिश्रा की मानसिक स्थिति बिगड़ चुकी है, यह सुनते ही कपिल मिश्रा ने जवाब दिया कि कल विधानसभा में जो हुआ पूरे देश ने देखा है।

आप विधायक ने कहा कि हिंसा करके हमें दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन मैं चुप नहीं रहूंगा और शनिवार शाम को जनता के सामने सारे सबूत रखूंगा।

कपिल मिश्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का यह नया रूप देखा है कि अब वह हिंसक हो गए हैं। उन्होंने सत्ता और भ्रष्टïाचार के आगे नैतिकता को भुला दिया है। मैं बार बार चुनौती दे रहा हूं कि यदि वे वास्तव में जन नेता हैं तो आ जाएं इस्तीफा दें और करावल नगर अथवा नई दिल्ली से चुनाव लड़ लें। पता चल जाएगा कि दिल्ली में उनकी क्या हैसियत है।