गाजियाबाद। औद्योगिक क्षेत्र बुलन्दशहर रोड में अवैध रुप से अतिक्रमण कर कबाड़ी का कार्य करने वालों से परेशान उद्योगपतियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद को लिखे पत्र में इण्डस्ट्रीयल एरिया मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन के महासचिव अनिल कुमार गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने पहले भी दिनांक 14.08.2013 को प्रेषित पत्र संख्या 03/पु0वि0/34/2013-14 के माध्यम से अवगत कराया था कि बुलन्दशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में कबाड़ी का कार्य करने वाले व्यक्तियों ने अपना काम करने के लिये अवैध रुप से ठीये (अस्थायी गोदाम) बना रखे हैं, जहां से यह लोग चोरी व अन्य अपराधों में लिप्त अपराधियों से चोरी व लूट का माल खरीदते हैं। इससे सम्बन्धित एक प्रकरण का उल्लेख भी उक्त पत्र में किया गया था।

श्री गुप्ता ने लिखा है कि बहुत ही खेद का विषय है कि उक्त पत्र को प्रेषित किये लगभग 20 दिन का समय व्यतीत हो चुका है, परन्तु हमारे औद्योगिक क्षेत्र में कबाडि़यों का जमाववाड़ा अभी भी लगा हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि हमारे क्षेत्र में अवैध रूप से सक्रिय सभी कबाडि़यों की दुकानें व गोदामों को क्षेत्र से यथा शीघ्र हटवाये जाने की कार्यवाही करें।