कांग्रेस को बधाई के बहाने शिवपाल की पार्टी का बुआ-बबुआ पर निशाना

जो लोग कांग्रेस को नीचा दिखाना चाहते हैं उन्हें 2009 की तरह उत्तर प्रदेश की जनता जवाब देगी - प्रसपा लोहिया

लखनऊ, 11 दिसंबर। भाजपा शासित तीन राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन और बहुजन समाज पार्टीसमाजवादी पार्टी के भाजपा विरोधी मोर्चे के प्रति विश्वासघात वाले रुख पर शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने इशारों-इशारों में सपा-बसपा पर निशाना साधा है।

प्रसपा लोहिया के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ सीपी राय ने तीन प्रदेशो में कांग्रेस की जीत के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा उनके सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ राय ने कहा है कि इन प्रदेशों से काफी महत्वपूर्ण लोग शिवपाल सिंह यादव जी के पास भी चुनाव लड़ने का प्रस्ताव लेकर आये थे लेकिन शिवपाल सिंह यादव ने वहाँ कांग्रेस के वोटों में किसी भी तरह के बंटवारा न हो इसके लिए कोई भी चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।

इन महत्वपूर्ण प्रदेशों की जनता ने केंद्र की साढ़े चार साल की सरकार की असफलता, वादा खिलाफी और देश तथा जन विरोधी नीतियों पर जनादेश दिया है तो प्रदेश के कुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी गुस्सा दिखाया है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ये चुनाव 2019 के चुनाव के परिणाम बताने वाले हैं।

डॉ राय ने कहा हैं कि इन प्रदेशों में भाजपा की मदद करने गए दलों की भी जनता ने जवाब दे दिया है।

कांग्रेस को बाहर रख कर और उसके बिना देश में किसी विकल्प की कल्पना भी नहीं की जा सकती है और जो लोग कांग्रेस को नीचा दिखाना चाहते हैं उन्हें 2009 की तरह उत्तर प्रदेश की जनता जवाब देगी।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी केंद्र और प्रदेश दोनों जगह से भाजपा की सरकार को हटा कर विकास, भाई चारे और जन सरोकारों की सरकार लाना चाहती है और उसके लिए ही चुनाव में गठबंधन का फैसला करेगी।

क्या यह ख़बर/ लेख आपको पसंद आया ? कृपया कमेंट बॉक्स में कमेंट भी करें और शेयर भी करें ताकि ज्यादा लोगों तक बात पहुंचे

कृपया हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें