कांग्रेस ने लोकसभा में उठाया अलवर लिंचिग और दुष्कर्म के बढ़ते मामलों का मुद्दा

नई दिल्ली, 23 जुलाई। सोमवार को लोकसभा में राजस्थान के अलवर में एक व्यक्ति को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारे जाने (मॉब लिचिंग) का मुद्दा कांग्रेस ने लोकसभा में उठाया। इस पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व अन्य ने विरोध जताया। इस मुद्दे को शून्य काल के दौरान उठाते हुए कांग्रेस के अलवर से सांसद करण सिंह यादव ने कहा कि 'राज्य में इस तरह की यह चौथी घटना है।'

करण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि शनिवार को हुए इस हमले के पीछे स्वघोषित गौरक्षक हैं। उन्होंने राजस्थान पुलिस द्वारा पीड़ित को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाने को लेकर भी हमला किया।

बता दें रकबर खान उर्फ अकबर (28) की शनिवार को भीड़ द्वारा गौ तस्कर होने के संदेह में पीट-पीटकर मार डाला गया था।

इससे पहले दिन में लोकसभा में कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दुष्कर्म के बढ़ते मामलों का मुद्दा उठाया, जिस पर दोनों दलों के सदस्यों में झड़प हुई।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा,

"देश में महिलाओं से दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं। जब कठुआ दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ तो भाजपा विधायक.. जो मंत्री थे वे दुष्कर्म के आरोपियों के समर्थन में आए थे।"

श्री सिंधिया ने कहा,

"यहां तक कि उन्नाव दुष्कर्म मामले में दुष्कर्मी दूसरा कोई नहीं भाजपा का एक विधायक था।"

उन्नाव दुष्कर्म मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर आरोपी है। सेंगर को सीबीआई ने 13 अप्रैल को गिरफ्तार किया था।

जब सिंधिया ने मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म का मामला उठाया तो उन्हें लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने रोका।

सुमित्रा महाजन ने कहा,

"हर चीज पर राजनीति नहीं करें। मैं भी एक महिला हूं।"

इसके बाद सिंधिया ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार, "देश में हर साल 40,000 से ज्यादा दुष्कर्म के मामले पंजीकृत होते हैं। इसमें 19,000 मामले नाबालिगों के दुष्कर्म से जुड़े हैं।"