लखनऊ 26 फरवरी। आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) ने मोदी सरकार के रेल मंत्री सुरेश प्रभु द्वारा संसद में आज पेश रेल बजट को कारपोरेटपरस्त और आम जनता के लिए निराशाजनक बताया है।
रेल बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आइपीएफ के राष्ट्रीय प्रवक्ता एस0 आर0 दारापुरी ने कहा कि जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें घटकर न्यूनतम स्तर पर हैं, तब भी रेल यात्री किराए में कमी न करके सरकार ने महंगाई की मार से पीड़ित आम जनता को निराश किया है। यही नहीं इस बजट में यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भी कोई योजना नहीं है।
श्री दारापुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री, रेलमंत्री और रेल राज्य मंत्री द्वारा रेलवे के निजीकरण न करने की बार-बार दुहाई देने के बाबजूद इस रेल बजट में रेलवे को कारपोरेट जगत के हवाले करने की नीतियां बनाई गयी हैं। बजट में रेल के डिब्बे निर्माण, रेलवे सुरक्षा, फ्रेट कारीडोर निर्माण और स्टेशन रखरखाव बनाने जैसे बहुत सारे विकास कार्य कथित पीपीपी माडल के जरिए कारपोरेट के हवाले करने की योजना है।
#RailBudget2015
#LandBillWar