वीरभान सिंह

अन्ना के समर्थन में किन्नर ने निकाली रैली
उत्तर प्रदेश(मैनपुरी)। ’मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन, शांति का उन्नति का प्यार का चमन, दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए....‘ ढोलक की थाप पर इन गीतों को गाते हुए किन्नरों की टोली जब अन्ना के समर्थन में उतरी तो हर दिल में राष्ट्रप्रेम का जज्बा हिलोरें मारने लगा। मैनपुरी शहर के आगरा रोड से चलकर किन्नरों का समूह संता-बसंता चैराहे पर पहुंचा। इसके बाद किन्नरों ने नाच-गाकर लोगों की भीड जुटाई। भीड को संबोधित करते हुए किन्नरों के उस्ताद गौरी ने कहा कि हम तो लोगों की बलायें लेते हैं लेकिन केन्द्र सरकार तो किन्नरों से भी गई-बीती हो गई है। यह नपुंसक सरकार भ्रष्टाचारियों का साथ दे रही है। पूरा देश सडकों पर है फिर भी सरकार को समझ नहीं आ रही है। हिजडों ने बद्दुआ देते हुए कहा कि इस देश के सारे दलाल और भ्रष्ट नेता हम जैसे ही हो जायें। किन्नरों को लोगों का भारी समर्थन प्राप्त हुआ। विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ यह जुलूस शहीद पार्क में पहुंचा। खुशियों के मौके पर बधाई गीत गाने वाले किन्नरों के मुंह से देशभक्ति गीतों के बोल सुनकर पूरा शहर भारत माता की जयकारे लगाने लगा। हाथों में तिरंगे लेकर इन किन्नरों ने कहा कि नेताओं ने तो तिरंगे की मर्यादा ताक पर रख दी है अब हम किन्नरों को ही इसके सम्मान की अलख जगानी होगी। अन्ना जब तक अनशन करेंगे तब तक हम उनके साथ हैं। यदि सरकार ने लोकपाल बिल पारित न किया तो पूरे देश के किन्नर एक जुट होकर दिल्ली में सरकार विरोधी रैली निकालेंगे। अन्ना के समर्थन में किन्नरों में छोटी मुस्कान, बडी मुस्कान, सोनम, कजरी, संध्या आदि किन्नर मौजूद थे।