वीरेंद्र सिंह की अमित शाह से मुलाकात की कोई जानकारी नहीं
कमलजीत अविनाशी
चण्डीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने बिजली मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को मंत्रिमंडल से दिये गये इस्तीफे पर पुनर्विचार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें कैप्टन यादव के निर्णय का इंतजार है।
मुख्यमंत्री हुड्डा आज यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। हरियाणा कांग्रेसी नेता एवं राज्यसभा सांसद बीरेन्द्र सिंह की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात तथा उनकी भाजपा में शामिल होने की अटकलों को लेकर पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। प्रजातंत्र में कोई भी किसी भी पार्टी में जा सकता है।
एक के बाद एक कांग्रेस नेताओं की नाराजगी को लेकर पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में श्री हुड्डा ने कहा कि किसी को उनकी वजह से कोई नाराजगी नहीं है। वे हमेशा सबको साथ लेकर चले हैं। यदि कोई चुनाव के निकट नाराजगी व्यक्त करता है तो इसमें उस नेता का व्यक्तिगत स्वार्थ होगा। राव इंद्रजीत सिंह द्वारा पार्टी छोड़ने को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसमें इंद्रजीत को स्वार्थ था। भाजपा की टिकट लेने के लिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ी।
आबकारी एवं कराधान मंत्री श्रीमती किरण चौधरी द्वारा पार्टी छोड़ने की अटकलों के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किरण चौधरी कांग्रेस में है और आज भिवानी में उनकी रैली है। वे उसमें जा रहे है। विकास में भेदभाव को लेकर पूछे गये एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विकास में भेदभाव कोई मुद्दा नहीं है। दस वर्षों बाद किसी को भेदभाव नजर आये तो आप स्वयं अनुमान लगा सकते है।
राज्य सूचना आयुक्तों तथा सेवा का अधिकार अधिनियम के आयुक्तों की नियुक्ति के संबंध में एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों की प्रक्रिया इस वर्ष के आरंभ में ही शुरू कर दी गई थी और सभी से आवेदन मांगे गये थे। सभी नियुक्तियां प्रक्रिया के तहत की गई हैं और वैध तथा संवैधानिक हैं। मुख्य सचिव एस सी चौधरी व प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कासनी के बीच एसएमएस संवाद को लेकर पूछे गये एक अन्य प्रश्न के उत्तर में हुड्डा ने कहा कि यह दो दोस्तों के बीच का मामला है। इससे उनका कोई लेना देना नहीं है।
भाजपा द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी जिलों में भाजपा शासित राज्यों के मंत्रियों की डयूट्यिों लगाई गई है, क्या कांग्रेस पार्टी की भी कोई योजना है, पर श्री हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रत्येक जिले में पर्यवेक्षक नियुक्त किया जा चुका है। हालांकि पार्टी की जिला स्तरीय समितियां भंग कर दी गई हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संगठन में नई नियुक्तियों के लिए कार्य कर रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव इंद्री विधानसभा क्षेत्र से लड़ने की संभावनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति का जहां जन्म होता है और जहां शिक्षा होती है, वह व्यक्ति वहां का ऋणी होता है। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा सैनिक स्कूल, कुंजपुरा में हुई थी और वह क्षेत्र इंद्री विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है। यदि इंद्री के लोग और कांग्रेस पार्टी के सभी 19 टिकटार्थी अगर कहेंगे तो वे इस बारे में अवश्य विचार करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य सचिव एस सी चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस एस ढिल्लो व डॉ के के खण्डेलवाल, प्रधान ओएसडी एम एस चोपड़ा, सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक सुधीर राजपाल, ओएसडीबी आर बेरी, अतिरिक्त मीडिया सलाहकार केवल ढींगड़ा के अलावा कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।