नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म 'मैसेंजर ऑफ गॉड' को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के विवाद में इस्तीफों की झड़ी पर मोदी सरकार और सेंसर बोर्ड के बीच विवाद और गहरा गया है। गौरतलब है कि सेंसर बोर्ड अध्यक्ष लीला सैमसन के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद बोर्ड सदस्य इरा भास्कर ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया था। बोर्ड के 8 और सदस्यों ने भी इस्तीफा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भेजा है और अपने काम में दखल को पद छोड़ने का कारण बताया है। जानकारी के मुताबिक बोर्ड के अन्य सदस्य सरकार पर उनके काम दखल देने का आरोप लगाने वाली लीला सैम्सन के समर्थन में हैं। पद छोड़ने वाले सदस्यों में इरा भास्कर, राजीव मसंद, पंकज शर्मा, लोरा प्रभु, ममंग दाय, टीजी थायगराजन, शुभ्रा गुप्ता, शेखरबाबू कंचरेला और शाजी करूण हैं। तो दूसरी तरफ वित्त एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्री अरुण जेटली ने लीला सैमसन के सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर कहा कि सेंसर बोर्ड के सदस्य बेवजह बागी (Rebels Without a Cause) बन रहे हैं। अगर सेंसर बोर्ड में भ्रष्टाचार है तो वो संप्रग सरकार की नियुक्तियों की वजह से है।
अरुण जेटली ने कहा कि राजग सरकार फिल्मों को सेंसर बोर्ड का प्रमाण पत्र देने के सभी मामले से अपने को दूर ही रखती है। सरकार सेंसर बोर्ड के काम में दखल नहीं देती है। उन्होंने कहा, ‘यदि कोई भ्रष्टाचार हुआ है तो यूपीए द्वारा नियुक्त किए गए लोग खुद ही इसके जिम्मेदार होंगे। बेहतर होता यदि सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष ने कम से कम एक बार मुझे भ्रष्टाचार के बारे में बताया होता। गैर कामकाजी अध्यक्ष ने ऐसा कभी नहीं किया। सेंसर बोर्ड की बैठकें न बुलाए जाने का आरोप तो उनके लिए आत्मनिंदा करने जैसा है।’
सेंसर बोर्ड कुछ सदस्यों के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए जेटली ने आगे कहा, ‘यह अफसोसनाक है कि यूपीए सरकार द्वारा नियुक्त किए गए लोग सामान्य मुद्दों का राजनीतिकरण कर रहे हैं।’ अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) यानी सेंसर बोर्ड की अध्यक्ष पद से लीला सैमसन का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद बोर्ड में सदस्यों की संख्या 23 रह गई थी। बहरहाल, नौ और सदस्यों के इस्तीफे के साथ ही सेंसर बोर्ड में अब महज 14 सदस्य रह गए हैं जिससे संस्था को नए सिरे से गठित करने का रास्ता साफ हो गया है।
#Leela Samson | #Resignation Issue | #Censor Board | #Film MSG | #Arun Jaitley