नई दिल्ली (डेस्क)। एक तरफ जहां सारी दुनिया में वामपंथ की मृत्यु की घोषणा करके जश्न मनाए जा रहे हैं, ऐसे समय में ग्रीस में लोकतंत्र के जरिए लाल झंडा लहरा उठा है। ग्रीस के चुनाव में वामपंथी नेता एलेक्सिस सिप्रास को अभी तक 99 प्रतिशत मतों की गणना में 300 सदस्यीय संसद में उनकी पार्टी को 199 सीटें हासिल हो गई हैं। सिप्रास की पार्टी को 36.3 प्रतिशत वोट मिले और वह प्रधानमंत्री एन्टोनिस समीरास की कंजरवेटिव पार्टी से 8.5 प्रतिशत वोटों से आगे थे।

सीप्रास अब ग्रीस के डिपेन्डेन्ट पार्टी से साझा सरकार बनाने के बारे में बात करेंगे। उन्होंने चुनाव में कर्ज माफी, वेतन वृद्धि तथा पेन्शन जैसी सुविधाओं का वादा किया था जिसे अब उन्हें पूरा करना होगा।

ग्रीस में वामपंथी सीरिजा पार्टी की जीत के बाद पूरे देश में लोग जश्न मना रहे हैं। सीरिजा पार्टी के हजारों समर्थक और सदस्य 40 वर्षीय स्टार नेता अलेक्सिस सिप्रास के नेतृत्व में हुई जीत की खबर आने के बाद रात भर जश्न मनाते रहे। राजधानी और सारे देश में वे पार्टी का झंडा और अपनी मांगों का बैनर लेकर घूमते रहे।