घासीराम वर्मा साहित्य पुरस्कार-2013 युवा आलोचक-संपादक पल्लव को
घासीराम वर्मा साहित्य पुरस्कार-2013 युवा आलोचक-संपादक पल्लव को
चित्तौड़गढ़ 1 जुलाई। प्रयास संस्थान, चूरू की ओर से प्रतिवर्ष दिया जाने वाला प्रतिष्ठित घासीराम वर्मा साहित्य पुरस्कार वर्ष 2013 के लिये चित्तौड़गढ़ जिले के युवा आलोचक पल्लव को दिया जायेगा। आधार प्रकाशन, पंचकूला से वर्ष 2011 में प्रकाशित उनकी आलोचना पुस्तक कहानी का लोकतंत्र के लिये उन्हें यह पुरस्कार दिये जाने की घोषणा की गयी है। इससे नगर के साहित्यिक अभिरुचि सम्पन्न मित्रों में हर्ष है।
प्रयास संस्थान के अध्यक्ष दुलाराम सहारण ने बताया कि प्रत्येक वर्ष यह पुरस्कार राजस्थान के हिंदी लेखक की उल्लेखनीय कृति पर प्रदान किया जाता है।
पल्लव हिंदी के उदीयमान रचनाकार हैं जिनकी कहानी का लोकतंत्र के अलावा मीरां एक पुनर्मूल्यांकन, लेखकों का संसार पुस्तकें भी खासी चर्चित रही हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में प्राध्यापक पल्लव हिंदी साहित्यिक पत्रिका बनास जन का संपादन भी कर रहे हैं। पल्लव को इससे पूर्व भारतीय भाषा परिषद, कोलकाता का युवा पुरस्कार, संबोधन कांकरोली का आचार्य निरजंननाथ प्रथम कृति पुरस्कार तथा श्री भारतेंदु समिति कोटा का कथा संवाद सम्मान भी मिल चुके हैं। उनकी पुस्तक कहानी का लोकतंत्र को हिन्दी युवा आलोचना में एक गंभीर शुरुआत की तरह रेखांकित किया गया है और हिन्दी कथा आलोचना में इसकी विशेष चर्चा प्रकाशन के साथ से ही शुरू हो गयी थी।
संस्थान सचिव कमल शर्मा ने बताया कि उन्हें प्रयास संस्थान की ओर से सितंबर में जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित समारोह में 5100 रुपये नगद, शॉल, श्रीफल और मानपत्र देकर पुरस्कृत किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व यह पुरस्कार अब तक 2008 में सितम्बर की रात के लिये जोधपुर के डॉ.सत्यनारायण, 2009 में कठपुतलियां के लिये मनीषा कुलश्रेष्ठ, 2010 में जगह जैसी जगह के लिये हेमंत शेष, 2011 में खेत तथा अन्य कहानियाँ के लिये रत्नकुमार सांभरिया तथा 2012 में जिजीविषा और अन्य कहानियाँ के लिये कमर मेवाड़ी को प्रदान किया जा चुका है।


