चन्द्रशेखर आज़ाद का 109वाँ जन्मदिवस
आज़ाद की क्रान्तिकारी विरासत को पुनर्जीवित करने का आह्वान
गाज़ियाबाद, 23 जुलाई। देश की आज़ादी एवं समतामूलक समाज के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले महान क्रान्तिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद का आज 109वाँ जन्मदिवस है। इस अवसर पर आज़ाद तथा भगतसिंह जैसे क्रान्तिकारियों के विचारों से प्रेरित युवाओं के क्रान्तिकारी संगठन नौजवान भारत सभा (नौभास) के कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन गाज़ियाबाद के विभिन्न हिस्सों में पर्चा वितरण, सभाएं एवं पुस्तक व पोस्टर प्रदर्शनी के ज़रिये लोगों को आज़ाद और उनकी धारा के क्रान्तिकारियों के प्रेरणादायी जीवन एवं विचारों के प्रति जागरूक किया एवं युवाओं से आह्वान किया कि वे आज़ाद की क्रान्तिकारी विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए आगे आएं।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह गाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच आज़ाद की स्मृति में नौजवान भारत सभा द्वारा प्रकाशित एक पर्चे के वितरण से हुई। नौभास के कार्यकर्ताओं ने छोटी-छोटी सभाएं करके लोगों को आज़ाद के प्रेरणादायी जीवन और उनके क्रान्तिकारी विचारों को बताते हुए बड़ी संख्या में पर्चे वितरित किये।
दिन का दूसरा कार्यक्रम एमएमएच इंटर कॉलेज के सामने एक पुस्तक एवं पोस्टर प्रदर्शनी लगायी गई। इस प्रदर्शनी में चन्द्रशेखर आज़ाद, भगतसिंह, सुखदेव व राजगुरू जैसे क्रान्तिकारियों के जीवन और उनके विचारों से जुड़ी ढेरों किताबों एवं आज के दौर की तमाम समस्याओं का क्रान्तिकारी नज़रिये से विश्लेषण करने वाली पुस्तिकाओं के स्टॉल के अलावा कई आकर्षक पोस्टर भी लगे थे जिनमें क्रान्तिकारियों के उद्धरण व विचारोत्तेजक नारे लिखे थे। यह प्रदर्शनी विशेष रूप से युवाओं एवं आम आबादी के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। नौजवान भारत सभा के कार्यकर्ताओं ने इस प्रदर्शनी में आये लोगों के साथ क्रान्तिकारियों के विचारों को जान-समझकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की ज़रूरत के बारे में बातचीत की।
शाम को नौभास के कार्यकर्ताओं ने विजय नगर के इलाके में पर्चा वितरण किया एवॅं नुक्कड़ सभाएँ आयोजित करके लोगों के बीच आज़ाद के विचारों को पहुँचाया।