सपा प्रमुख का भाजपा पर करारा हमला
बोले- भाजपा का पहले भी विनाश किया है, फिर उसका विनाश करेंगे
संभल (उत्तर प्रदेश), 14 अप्रैल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी भाजपा का विनाश किया है और फिर उसका विनाश करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अकेले भाजपा को रोकेगी। अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि वे आपसी मतभेदों को बुलाकर चुनाव में एकजुट हो जाएं क्योंकि इस बार लोकसभा चुनाव में सपा के लिए बहुत अच्छी संभावनाएं हैं। देश की जनता कांग्रेस और भाजपा से बहुत नाराज है। केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार में समाजवादी पार्टी की बहुत अहम भूमिका होगी।
संभल लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार शफीकुर रहमान बर्क के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि साम्प्रदायिकता की राजनीति करने वाली भाजपा का हमने पहले भी विनाश किया है, और फिर उसका विनाश करेंगे। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं कि देश में चारों तरफ उसकी लहर है। देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा की जो लहर दिखाई पड़ रही है वो मीडिया की बनाई हुई है। भाजपा अपना चुनाव मीडिया के जरिए लड़ रही है जबकि सपा अपना चुनाव कार्यकर्ताओं के बलबूते लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम रैलियों के मुकाबले में भाजपा को पहले ही हरा चुके हैं। अब चुनाव में भी भाजपा को हराएंगे। समाजवादी पार्टी अकेले भाजपा को रोकेगी। मोदी साहब (भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी) चाहे जितनी मेहनत कर लें, उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें ऐसा सबक सिखाएगी जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि नरेंद्र मोदी का गुजरात मॉडल देश की जनता के साथ धोखा है। सच्चाई यह है कि गुजरात विकास के मामले में बहुत पीछे हैं। गुजरात की नदियां देश में सबसे ज्यादा गंदी हैं। गुजरात की 90 फीसदी महिलाएं और 89 फीसदी पुरुष मजदूर असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं। गुजरात की 50 फीसदी महिलाएं कुपोषण की शिकार हैं। क्या मोदी बताएंगे कि उत्तर प्रदेश की तरह उनके राज्य में सभी मरीजों का मुफ्त इलाज, कन्या विद्या धन योजना, 108 एंबुलेंस सेवा योजना, गर्भवती महिलाओं के लिए 102 विशेष एंबुलेंस सेवा योजना, लैपटॉप वितरण योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना, किसानों के लिए नहरों और सरकारी नलकूपों से सिंचाई की मुफ्त योजना लागू है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मोदी को गुजरात में ये योजनाएं लागू करने में 20 साल लग जाएंगे जबकि उत्तर प्रदेश की सपा सरकार ने ये सभी योजनाएं महज दो साल में लागू की हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की नीति और नीयत साफ है। हमने जनता से जो वादे किए थे, सभी को पूरा कर दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि अगले शिक्षण सत्र से उत्तर प्रदेश में संपूर्ण पढ़ाई मुफ्त होगी। केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनते ही पूरे देश में संपूर्ण पढ़ाई और मरीजों के गंभीर से गंभीर रोगों के मुफ्त इलाज की योजना को लागू कर दिया जाएगा। लोग शिक्षित और स्वस्थ होंगे तो देश मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा और कांग्रेस से तंग आ चुकी है और इनसे छुटकारा पाना चाहती है। लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलेगा। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश में सपा के पक्ष में हवा है। यूपी में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। सपा के सभी नेता और कार्यकर्ता अपने आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट हो जाएं तो पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें जीतने से कोई रोक नहीं सकेगा। ये चुनाव मेरा है। हम नहीं चाहते कि इस चुनाव में आप लोगों से कोई गलती हो। उत्तर प्रदेश में सपा ने सबसे ज्यादा सीटें जीतीं तो केंद्र में बनने वाली तीसरे मोर्चे की सरकार में हमारी अहम भूमिका होगी। तीसरे मोर्चे की दो बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में यह तय हो चुका है कि तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री का पद किसे मिलेगा। तीसरे मोर्चे में शामिल दलों के नेताओं ने तय किया है कि लोकसभा चुनाव में जिस दल को सबसे ज्यादा सीटें मिलेगी उसी दल का नेता प्रधानमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि आप समझ सकते हैं कि अगर सपा तीसरे मोर्चे की सबसे बड़ी ताकत बनेगी तो प्रधानमंत्री का पद किसे मिलेगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने हमेशा देश की जनता के साथ धोखाधड़ी की है। कांग्रेस ने जनता से किए वादों को कभी पूरा नहीं किया। यही वजह है कि आज कांग्रेस की यह हालत है। कांग्रेस के कमजोर होने से देश में भाजपा जैसी साम्प्रदायिक पार्टी मजबूत हुई है। कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उसे सभी मोर्चों पर विफल बताया। यूपीए सरकार की अर्थ नीति पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी वजह से देश में भ्रष्टाचार, गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी। महंगाई रोकने के लिए हमारे अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि पहले देश में 50 फीसदी लोग खेती करते थे, लेकिन अब 15 फीसदी से भी कम लोग खेती कर रहे हैं। खेती की जमीनें लगातार कम होती जा रही हैं, जिससे कृषि उत्पादन में कमी आ रही है। अगर यही हाल रहा तो देश के सामने गंभीर समस्या पैदा हो जाएगी। सपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस बात गरीबों की करती है लेकिन काम हमेशा पूंजीपतियों और अमीरों के पक्ष में करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सिद्धांतों पर चलकर ही देश को खुशहाल बनाया जा सकता है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क