चिदंबरम कहिन—हराया जा सकता है मोदी की भाजपा को
चिदंबरम कहिन—हराया जा सकता है मोदी की भाजपा को
गुजरात में भले ही कांग्रेस पार्टी को हार का समना करना पड़ा हो, लेकिन चुनावी नतीजों ने कांग्रेस पार्टी को एक आत्मविश्वास जरूर दिया है और उसी का असर है कि पार्टी के नेता अब बीजेपी पर आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए है। इस बीच कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने गुजरात चुनाव और बेरोजगारी को लेकर पीएम मोदी पर हमला बोला है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने एक के बाद एक ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है।
पूर्व वित्तमंत्री ने "बीजेपी अपाराजेय पार्टी है", को जुमला करार दिया औऱ कहा कि मोदी की नेतृत्व में बीजेपी अपराजेय नहीं है, जो कि दिल्ली और बिहार के चुनावों में साबित हो चुका है।
चिदंबरम ने कहा कि एक मजबूत औऱ सावधानी से बनाई गई रणनीति' से भाजपा को हराया जा सकता है। इसके साथ ही चिदंबरम ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा गुजरात में किसी तरह सत्ता हासिल करने में कामयाब रही, और एक युवा, ऊर्जावान व्यक्ति ने उसकी रफ्तार रोक दी।
चिदंबरम ने कहा "भाजपा व कांग्रेस दोनों विजेता रहे। भाजपा ने चुनावी जीत हासिल की और कांग्रेस ने राजनीतिक जीत हासिल की।"
चिदंबरम ने कहा कि मोदी को अपने आर्थिक विकास, रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने व सबका साथ, सबका विकास के वायदों को पूरा करना है। इसके साथ ही उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।
चिदंबरम ने कहा कि लोकसभा चुनाव सहित अगले 16 महीनों में होने वाले चुनावों में नौकरियां एक महत्वपूर्ण कारक होंगी।


