कांग्रेस-भाजपा पर अखिलेश यादव का करारा हमला
दोनों राष्ट्रीय पार्टियां दल-बदलुओं को टिकट देने को मजबूर- अखिलेश यादव
हापुड़, 30 मार्च। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुये कहा है कि इन दोनों पार्टियों ने देश की जनता के साथ धोखाधड़ी की है। लोकसभा चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी। दोनों राष्ट्रीय पार्टियों को चुनाव लड़ने के लिये उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं, इसीलिये वे दल-बदलुओं को टिकट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन विरोधी नीतियों वाली संप्रग सरकार की केंद्र से विदाई तय हो चुकी है। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार के गठन में समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी।
असौढ़ा गांव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार शाहिद मंजूर के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। यह चुनाव देश की दशा और दिशा तय करेगा। जनता के साथ धोखाधड़ी करने वाली कांग्रेस और भाजपा की चुनाव में करारी हार होगी। कांग्रेस और भाजपा को चुनाव लड़ने के लिये उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं, इसीलिए वे दूसरे दलों के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर टिकट दे रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों से कांग्रेस भारत निर्माण का नारा देकर लोगों को ठग रही है। क्या कांग्रेस यह बताने की कोशिश करेगी कि वह कैसे और किस तरह के भारत का निर्माण करना चाहती है। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने देश के विकास के लिये कुछ नहीं किया। संप्रग सरकार को सभी मोर्चों पर असफल बताते हुये उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश में महंगाई, बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी है। देश में भ्रष्टाचार चरम पर है। गरीबों की बात करने वाली कांग्रेस ने गरीबों का जीना मुहाल कर दिया है। गरीब को दो वक्त का खाना नहीं मिल पा रहा है। दुनिया का सबसे बेहतरीन विमान हर्क्युलिस गिरने से हमारी फौज सन्न है। फौज की क्षमता पर देश-दुनिया में सवाल उठने से उसका मनोबल गिरा है। केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि हर्क्युलिस विमान हादसे के पीछे क्या वजह थी। इससे पहले दो पनडुब्बियों में हुये हादसों से भी भारतीय सेना के मान-सम्मान को ठेस पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि यूपीए के शासनकाल में देश में बड़े-बड़े घोटाले हुये, लेकिन किसी घोटालेबाज को सजा नहीं मिली। केंद्र सरकार में शामिल लोगों ने ही अरबों-खरबों रूपयों के घोटालों को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत विदेश नीति के चलते पड़ोसी देशों के साथ हमारे संबंध खराब हुये हैं। उन्होंने कहा कि हम मित्र तो बदल सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं। तरक्की के लिये हमें अपने पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाकर रहना होगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अपने देश की लचर विदेश नीति के चलते हमारे राजनेताओं को कई बार विदेशों में अपमानित होना पड़ा है। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अबुल कलाम को अमेरिका में हवाई अड्डे पर कई घंटों तक रोक कर रखा गया। उनकी तलाशी ली गयी। अमेरिका में भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि अमेरिका ने उसके खिलाफ कार्रवाई की। लेकिन हमारी सरकार ने इस मामले पर अमेरिका से कोई विरोध दर्ज नहीं कराया।
भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुये उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीवादियों की पार्टी है। इसका गरीबों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सत्ता हासिल करने के लिये हर हथकंडे अपना रही है। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की लहर है। सच्चाई यह है कि देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा को कुछ कॉरपोरेट घरानों से चुनाव लड़ने के लिये मदद मिल रही है। इसके साथ ही मीडिया भी भाजपा का खूब प्रचार कर रहा है। लेकिन इससे भाजपा को चुनाव में कोई फायदा नहीं होगा। चुनाव जनता के बीच लड़ा जाता है। जनता के बीच में केवल समाजवादी पार्टी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार होगी। भाजपा का झूठ चुनाव में बेनकाब हो जायेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी देश भर में घूमकर गुजरात के विकास मॉडल की बात कर रहे हैं। मैं कहना चाहता हूं कि गुजरात के विकास मॉडल में कुछ भी नहीं है। गुजरात मॉडल से देश का कोई भला नहीं होगा। गुजरात का विकास मोदी सरकार ने नहीं बल्कि वहां की जनता ने किया है। नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में विजिटर हैं। लोकसभा चुनाव के बाद वह उत्तर प्रदेश में नजर नहीं आयेंगे।
उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये कहा कि सपा सरकार ने दंगों को रोकने के लिये हर सम्भव कदम उठाए। हमने दंगे की खबर मिलते ही वहां पर सेना की तैनाती का फैसला किया। अगर वहां सेना की तैनाती नहीं हुयी होती तो जान-माल का भारी नुकसान हुआ होता। समाजवादी पार्टी की सरकार ने दंगा पीड़तों को ज्यादा से ज्यादा मदद दी। मुजफ्फरनगर दंगों के पीछे कौन लोग थे, यह सभी को पता है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश का भला समाजवादी नीतियों पर चलने से होगा। हिन्दुस्तान का समग्र विकास समाजवाद से ही सम्भव है। देश की जनता समाजवादी पार्टी की तरफ बहुत उम्मीदों से देख रही है। उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने पिछले दो साल में विकास के बहुत काम किये हैं। कई राज्यों की सरकारों ने यूपी सरकार की योजनाओं को अपने यहां लागू किया है। समाजवादी स्वास्थ्य सेवा 108, कन्या विद्याधन योजना, लैपटॉप वितरण योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना से राज्य के लोगों को भारी लाभ पहुंचा है। सपा सरकार ने विकास के बहुत काम किये हैं लेकिन उनका जनता के बीच सही तरीके से प्रचार-प्रसार नहीं हुआ। कांग्रेस और भाजपा के लोग काम बहुत कम करते हैं लेकिन वे प्रचार ज्यादा करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार के गठन में समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। बनेगी। सभी राजनीतिक दलों को यह पता है कि केंद्र का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। इसीलिये सभी पार्टियां उत्तर प्रदेश पर फोकस कर रही हैं। लेकिन इन राजनीतिक दलों को यह पता होना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता बेवकूफ नहीं है। उत्तर प्रदेश में केवल समाजवादी पार्टी का बोलबाला है। सूबे में सपा सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। समाजवादी पार्टी के मुकाबले में दूसरा कोई और दल दूर-दूर तक नहीं है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क