हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष के बेटे पर नया खुलासा

Haryana Stalking Case: CCTV Footage Goes 'Missing'

डीबी लाइव

हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे द्वारा कथित छेड़छाड़ प्रकरण में अब एक नया खुलासा हुआ है। सूत्रों की मानें तो चंडीगढ़ के जिन रास्तों पर वर्णिका कुंडु का पीछा किया गया उन रास्तों पर लगे नौ सीसीटीवी कैमरों में से पांच कैमरों की फुटेज गायब है।

छेड़छाड़ प्रकरण में बार-बार पुलिस पर आरोपी विकास बराला को बचाने का आरोप लग रहा है. पहले आरोपियों के खिलाफ धाराओं में बदलाव कर पुलिस सवालों में घेरे में आई थी। पुलिस ने पहले आईपीसी की धारा 354 डी और मोटर वीकल ऐक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन कुछ ही घंटों में मामले में धारा 341, 365 और 511 को जोड़ दिया गया। तीसरी बार केवल धारा 341 को ही जोड़ा गया।

अब ये बात भी सामने आ रही है जिस इलाके में छेड़छाड़ हुई थी, उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज ही गायब हैं। सेक्टर 26 और सेक्टर 7 के 5 जगहों की फुटेज हटा दी गई हैं।

तमाम आरोपों के बाद अब खबर है कि चंडीगढ़ पुलिस बराला पर लगी धारा 365 और 311 पर कानूनी राय मांगेगी। अगर कोई जरूरत पड़ती है, तो विकास की दोबारा गिरफ्तारी हो सकती है।

दूसरी तरफ छेड़छाड़ मामले में अब सियासत गर्माती जा रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इसको लेकर ट्वीट किया है। राहुल ने लिखा कि राज्य सरकार को दोषी को दंडित करना चाहिए और अपराधियों से 'मिलीभगत' नहीं करनी चाहिए। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य में जगह-जगह पर इसको लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को इस घटना के विरोध में पुतले फूंके थे।

बता दें कि हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला पर एक लड़की से छेड़छाड़ और अपहरण करने के प्रयास के आरोप लगे हैं। घटना के वक्त विकास बराला के साथ उसका दोस्त आशीष कुमार भी मौजूद था। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक घटना के वक्त नशे में थे। ये घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित युवती देर रात करीब 12.35 बजे सेक्टर 9 से पंचकुला की तरफ जा रही थी। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था।