छोटी पार्टियों को परेशान करने के खिलाफ चुनाव आयोग पर प्रदर्शन करेगी सोशलिस्ट पार्टी
छोटी पार्टियों को परेशान करने के खिलाफ चुनाव आयोग पर प्रदर्शन करेगी सोशलिस्ट पार्टी
नई दिल्ली, 20 जनवरी। सोशलिस्ट पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने के लिए पेरा 10 बी के तहत एक महीना पहले मुक्त चुनाव चिन्ह के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग में आवेदन किया था। चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पार्टी को अभी तक चुनाव चिन्ह आवंटित नहीं किया गया है। पार्टी ने इसकी लिखित शिकायत 20 जनवरी 2017 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से की है।
पार्टी प्रवक्ता और महासचिव अभिजीत वैद्य ने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी चुनाव आयोग द्वारा छोटी पार्टियों को परेशान करने के इस लोकतंत्र विरोधी रवैये के खिलाफ 24 जनवरी 2017 को अपराहन 2 बजे दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय और लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेगी।
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रेम सिंह, वरिष्ठ सदस्य जस्टिस राजेंद्र सच्चर, पार्लियामेंटरी बोर्ड के अध्यक्ष गिरीश पांडे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद शोएब, संगठन मंत्री फैजल खान, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जानकी प्रसाद गौड़, दिल्ली प्रदेश की अध्यक्ष रेणु गंभीर, उप्र विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवार, सोशलिस्ट युवजन सभा के अध्यक्ष नीरज समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।


